मीना कंबोज बनीं हरियाणा बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव

- 2 साल होगा कार्यकाल, करनाल BJP महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष रह चुकीं

पंचकूला । हरियाणा सरकार ने मीना कंबोज को हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव नियुक्त किया है। इस संबंध में राज्यपाल एवं परिषद के अध्यक्ष प्रो. अशिम कुमार घोष की ओर से नियुक्ति आदेश जारी किए गए हैं।
जारी आदेशों के अनुसार, मीना कंबोज की नियुक्ति 23 जुलाई 2026 से प्रभावी होगी। यह नियुक्ति हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद के संविधान एवं नियमों के तहत की गई है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा, हालांकि सक्षम प्राधिकारी आवश्यकता पड़ने पर कार्यकाल पूरा होने से पहले भी नियुक्ति समाप्त कर सकता है। नियुक्ति को परिषद की कार्यकारी समिति से अनुमोदन  मिलना भी आवश्यक होगा।

भाजपा संगठन में निभा चुकी हैं अहम ज़िम्मेदारी : 

मीना कंबोज भाजपा की सक्रिय नेता रही हैं और करनाल महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष के रूप में संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। सामाजिक एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी रही है। अब उन्हें राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद सचिव बनाए जाने को संगठन और सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रिय भूमिका का सम्मान माना जा रहा है।
क्या है हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद? :
हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद राज्य में बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, संरक्षण और समग्र विकास से जुड़े कार्यक्रम संचालित करती है। परिषद विभिन्न सरकारी और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से बाल कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। मीना कंबोज की नियुक्ति से परिषद की गतिविधियों को और गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.