फरीदाबाद में FIR दर्ज करा कर समझौते के नाम पर साढ़े 3 लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोपों में फंसे हरियाणा पुलिस के SPO (स्पेशल पुलिस ऑफिसर) को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया है।
हाईकोर्ट ने सोमवार काे दिए फैसले में कहा कि प्रथम दृष्टया मामला झूठा प्रतीत नहीं होता। SPO से पुलिस हिरासत में पूछताछ जरूरी है। जांच अधिकारी द्वारा पेश सबूत आरोपों की पुष्टि करते हैं।
खुद द्वारा दर्ज कराई गई FIR में समझौते के लिए पैसे लेने का आरोप
यह मामला फरीदाबाद के पुलिस स्टेशन मुजेसर में 3 फरवरी 2025 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7, 8, 13(1)(b) और 13(2) के तहत दर्ज FIR 54 से जुड़ा है।
मामले के अनुसार आरोपी SPO रूप सिंह ने राहुल, विजय उर्फ विक्की और विकास के खिलाफ 19 अप्रैल 2024 को थाना मुजेसर में धारा 148, 149, 186, 332, 353 और 506 आईपीसी के तहत एक FIR दर्ज कराई थी।
इस एफआईआर में समझौता करने के लिए आरोपी ने उनसे 3 लाख 50 हजार रुपये की मांग की। उसे 17 सितंबर 2024 को बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर ललित अधाना के माध्यम से ये रुपए दिए गए।
इसके बाद उसने सेक्टर-12, फरीदाबाद स्थित तहसील कोर्ट में एक समझौता हलफनामा तैयार करवाकर ललित अधाना को सौंपा।
हालांकि, बाद में रूप सिंह समझौते का सम्मान करने के लिए कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इस पर ललित अधाना ने उससे 3 लाख 50 हजार रुपये वापस मांगे।
SPO ने 6 नवंबर 2024 को अपने किसी परिचित के खाते से 90 हजार रुपये और 11 नवंबर तथा 21 नवंबर 2024 को 40 हजार रुपये, 50 हजार रुपये और 50 हजार रुपये (कुल 2,30 लाख रुपये) वापस ट्रांसफर किए।
लेकिन शेष 1 लाख 20 हजार रुपये वापस नहीं किए। हरियाणा पुलिस में एसपीओ (SPO) के पद पर रहते हुए FIR निपटाने के लिए रिश्वत मांगने व प्राप्त करने के आरोप में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
23 नवंबर को हुई सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता दीपिंदर सिंह हाईकोर्ट में पेश हुए। हरियाणा राज्य की ओर से वरिष्ठ उप महाधिवक्ता महिमा यशपाल सिंगला उपस्थित रहीं।
वरिष्ठ वकील दीपिंदर सिंह ने तर्क दिया कि वर्तमान FIR झूठी और मनगढ़ंत है तथा याचिकाकर्ता द्वारा 19 अप्रैल 2024 को दर्ज कराई गई FIR 254 (जिसमें वह शिकायतकर्ता और घायल प्रत्यक्षदर्शी है) के प्रतिशोध में अभियोजन को पटरी से उतारने के लिए दर्ज कराई गई है।
उन्होंने कहा कि कथित समझौता हलफनामा और आधार कार्ड की फोटोकॉपी घटना के लगभग 18 महीने बाद 5 अगस्त 2026 को पुलिस को सौंपी गई। गैर-शमनीय अपराधों वाली एफआईआर केवल हलफनामे से बंद नहीं हो सकती थी।
इसके अलावा, 17 सितंबर 2024 को न तो कोई ट्रैप लगाया गया और न ही करेंसी नोट बरामद हुए तथा कथित रिश्वत देने वाले ललित अधाना (जो FIR 254 के आरोपियों का रिश्तेदार है) का बयान भी 23 महीने बाद दर्ज किया गया।
