फरीदाबाद में कार ने मारी एंबुलेंस को टक्कर:3 महिलाएं घायल

फरीदाबाद के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मिर्जापुर गांव के मोड़ पर बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार ने राधा स्वामी सत्संग की एंबुलेंस को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनमें से एक बुजुर्ग महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद आरोपी कार सवार मौके पर ही अपनी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए। आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर करीब 5 घंटे तक जाम लगाए रखा। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा बुधवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ जब गांव की कुछ महिलाएं राधा स्वामी सत्संग से वापस लौट रही थीं। घायल महिला सुमित्रा देवी के बेटे नरेंद्र ने बताया कि उनकी दादी कलावती देवी, मां सुमित्रा और गांव की ही सोमदेवी सत्संग समाप्त होने के बाद एंबुलेंस से वापस आ रही थी।

राधा स्वामी सत्संग की एंबुलेंस उन्हें मिर्जापुर गांव के मोड़ पर उतार रही थी, तभी नीमका गांव की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार बलेनो कार ने एंबुलेंस को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बुजुर्ग महिला कलावती देवी कार के नीचे बुरी तरह फंस गईं। इस हादसे में तीनों महिलाएं लहूलुहान हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक, कलावती देवी के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

नरेंद्र ने आरोप लगाया कि दुर्घटना के वक्त बलेनो कार में करीब तीन से चार युवक सवार थे, जो कथित तौर पर पास के नीमका गांव के रहने वाले हैं। टक्कर मारने के बाद आरोपी युवक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले।

घटना के बाद जब ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली, तो गाड़ी के भीतर से शराब की बोतलें और नमकीन-चिप्स के पैकेट बरामद हुए। इससे अंदेशा जताया जा रहा है कि कार सवार युवक शराब के नशे में धुत थे और इसी वजह से उन्होंने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए एंबुलेंस को टक्कर मारी।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.