नशा तस्करों पर फरीदाबाद पुलिस का बड़ा प्रहार, 395 मुकदमे दर्ज कर 538 आरोपी गिरफ्तार

376 किलो से अधिक गांजा, 622 ग्राम स्मैक और 2.337 किलो कोकीन सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद

फरीदाबाद। शहर को नशामुक्त बनाने और नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 395 एनडीपीएस मुकदमे दर्ज किए और 538 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में 134 नशा सप्लायर शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय तस्करों और उनकी सप्लाई चेन पर शिकंजा कसने का प्रयास किया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कमर्शियल श्रेणी के 19 एनडीपीएस मुकदमे दर्ज कर 52 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 25 नशा सप्लायर शामिल हैं।

इन मामलों में पुलिस ने 151.655 किलोग्राम गांजा, 272 ग्राम स्मैक, 1.076 किलोग्राम चरस और 2.337 किलोग्राम कोकीन बरामद की है। इसके अलावा 137.97 ग्राम एमडीएमए, 386 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 1,080 स्पास्कोरेवॉन प्लस कैप्सूल, 840 ट्रामाडोल कैप्सूल और 9,976 अल्प्राजोलम टैबलेट भी बरामद की गई हैं। वहीं, नॉन-कमर्शियल श्रेणी के 376 एनडीपीएस मुकदमे दर्ज कर 486 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें 109 नशा सप्लायर शामिल हैं।

इन मामलों में पुलिस ने 224.744 किलोग्राम गांजा, 350.76 ग्राम स्मैक, 405.217 ग्राम चरस, 12.17 ग्राम कोकीन और 3.807 किलोग्राम अफीम बरामद की है। इसके अतिरिक्त ब्यूप्रेनॉर्फिन इंजेक्शन, पेंटाजोसिन, ट्रामाडोल एवं प्रेगाबालिन कैप्सूल, 17.86 ग्राम एमडीएमए, 1,230 अल्प्राजोलम टैबलेट और 8 ब्यूप्रेनॉर्फिन टैबलेट भी बरामद की गई हैं। फरीदाबाद पुलिस की इस कार्रवाई में कुल 376.399 किलोग्राम गांजा, 622.76 ग्राम स्मैक, 2.337 किलोग्राम कोकीन और 1.481 किलोग्राम चरस सहित विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ एवं प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गई हैं। पुलिस का विशेष जोर नशे की सप्लाई करने वाले नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर उन्हें कानून के दायरे में लाने पर है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ कार्रवाई केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की सप्लाई चेन को तोडऩा और इस अवैध कारोबार को बढ़ावा देने वाले लोगों पर शिकंजा कसना भी अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। पुलिस द्वारा छोटे-बड़े तस्करों के साथ-साथ नशे के स्रोतों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.