फिल्मों से ठगी का आइडिया लेकर मां-बेटी ने बनाया गिरोह
फिल्मों में ठगी के तरीके देख मां-बेटी ने भी जल्दी अमीर बनने का रास्ता चुन लिया। शौक पूरे करने और मोटी कमाई के लिए दोनों ने मिलकर अपना ही गिरोह बना लिया। बेटी टिंडर और सोशल मीडिया पर महंगी गाड़ियों, सोने की चेन और रईसी दिखाने वाले लोगों को तलाशती, उनसे दोस्ती कर होटल बुलाती।
उन्हें कभी नशीला ड्रिंक पिलाकर लूटती तो कभी रेप के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे वसूलती। यूपी के रायबरेली की ये मां-बेटी पिछले करीब 5 साल से इस तरीके से लोगों को निशाना बना रही थीं।
फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में इनके कथित ठगी के तार गुजरात, गुरुग्राम, दिल्ली-NCR से लेकर अंडमान-निकोबार तक जुड़े मिले हैं। हालांकि, पुलिस ने जांच के चलते मां-बेटी का नाम बताने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों हर बार अपनी पहचान बदलती थीं।
मां-बेटी सोशल मीडिया और डेटिंग एप के जरिए अपने शिकार तलाशती थीं। खासतौर पर ऐसी प्रोफाइल पर नजर रखी जाती थी, जिनसे व्यक्ति का लाइफस्टाइल अमीरों जैसा दिखाई देता था। महंगी गाड़ियां, हाथों में महंगी घड़ियां और गले में सोने की मोटी चेन देखकर निशाना तय किया जाता था।
बेटी अलग-अलग नामों से फर्जी प्रोफाइल बनाकर ऐसे लोगों से संपर्क करती थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ाकर दोस्ती की जाती और फिर मुलाकात के बहाने होटल बुलाया जाता था। इस पूरे खेल में मां की भूमिका भी तय थी। बेटी व्यक्ति को जाल में फंसाती और इसके बाद मां मौके पर पहुंचकर वसूली का मोर्चा संभालती थी।
पुलिस के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में मां-बेटी ने फरीदाबाद के एक प्रॉपर्टी डीलर सूरज को निशाना बनाया। करीब एक महीने पहले टिंडर एप के जरिए उसके पास एक युवती का मैसेज आया था। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर फोन पर बात होने लगी।
कुछ दिन बाद युवती ने उसे फरीदाबाद के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। युवती ने पहले से ही होटल में कमरा बुक कर रखा था। प्रॉपर्टी डीलर वहां पहुंचा तो युवती ने उसे पीने के लिए ड्रिंक दी। आरोप है कि ड्रिंक पीने के कुछ देर बाद वह बेहोश हो गया।
कुछ घंटे बाद जब प्रॉपर्टी डीलर को होश आया तो कमरे में युवती मौजूद नहीं थी। उसके गले से करीब पांच तोले की सोने की चेन और जेब में रखे 20 हजार रुपए गायब थे। पीड़ित ने होटल के रिसेप्शन पर जाकर युवती के बारे में जानकारी ली तो उसका नाम और पता दोनों फर्जी निकले।
इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला सिर्फ होटल में हुई चोरी तक सीमित नहीं रहा। जांच में मां-बेटी के कथित तौर पर कई राज्यों में लोगों को निशाना बनाने का तरीका सामने आया।
