फरीदाबाद WLF-7 में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े मंत्री गडकरी

फरीदाबाद स्थित अमृता विश्व विद्यापीठम परिसर में चल रहे 7वें विश्व भूस्खलन मंच (WLF-7) में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पहाड़ों में सड़क बनाना जरूरी है, लेकिन उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी हमारी जिम्मेदारी है। निर्माण के दौरान सुरक्षा से कभी समझौता नहीं होना चाहिए।

प्रेक्टिकल समाधान और मापने योग्य परिणामों पर हो काम

गडकरी ने कहा कि सम्मेलन केवल वीडियो और प्रस्तुतियों तक सीमित न रहे, बल्कि यहां व्यावहारिक समाधान विकसित करने और उनके मापने योग्य परिणाम हासिल करने पर ध्यान दिया जाए।

सरकारी अधिकारियों, उद्योग जगत और शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद और ज्ञान का आदान-प्रदान जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल तकनीकों और कार्यप्रणालियों से सीखकर नई तकनीक अपनानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सड़क परियोजनाओं की सफलता के लिए सटीक और वैज्ञानिक आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करना जरूरी है। इसके लिए विशेषज्ञ एजेंसियों और तकनीकी संस्थानों के साथ मिलकर काम करना चाहिए। परियोजनाएं जलवायु के अनुकूल और विज्ञान आधारित हों, ताकि प्राकृतिक आपदाओं का खतरा कम किया जा सके।

विशेषज्ञों के सुझावों की रिपोर्ट मंत्रालय को सौंपें

गडकरी ने कहा कि आपदा आने से पहले जांच और रोकथाम पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने विश्वविद्यालय से सम्मेलन के समापन के बाद विशेषज्ञों के सुझावों और सिफारिशों के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मंत्रालय को सौंपने को कहा। इन सुझावों का उपयोग भविष्य की नीतियां बनाने में किया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.