पुराने ट्रकों के रजिस्ट्रेशन में फरीदाबाद प्रदेश में नंबर-1

परिवहन विभाग के परिवर्तन पोर्टल पर पुराने ट्रक और बसों को स्क्रैप कराने के लिए हुए रजिस्ट्रेशन में फरीदाबाद प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। जिले में अब तक 5043 वाहनों का पंजीकरण हुआ है। 5436 वाहनों के साथ गुरुग्राम पहले स्थान पर है। दोनों जिलों के बीच 393 वाहनों का अंतर है। पलवल में भी 812 वाहन पोर्टल पर दर्ज किए गए हैं।

ट्रकों की श्रेणी में फरीदाबाद सबसे आगे

परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद में दर्ज 5043 वाहनों में 4351 ट्रक और 692 बसें हैं। ट्रकों के रजिस्ट्रेशन में फरीदाबाद प्रदेश में पहले स्थान पर है। इनमें 338 छोटे, 158 मीडियम और 3855 भारी ट्रक शामिल हैं।

बसों में 91 छोटी, 178 मीडियम और 423 भारी श्रेणी की हैं। वहीं, गुरुग्राम में 4158 ट्रक और 1278 बसें पंजीकृत हुई हैं। यानी ट्रकों के मामले में फरीदाबाद आगे है, जबकि बसों के रजिस्ट्रेशन में गुरुग्राम की संख्या अधिक है।

परिवहन विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा की 14 अथॉरिटी में अब तक 21,246 से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें 15,225 ट्रक और 6021 बसें शामिल हैं। ट्रकों में 11,634 भारी श्रेणी के वाहन हैं।

सरकार का उद्देश्य पुराने और अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चरणबद्ध तरीके से सड़कों से हटाकर उनकी जगह नए और कम प्रदूषण वाले वाहन लाना है।

नया वाहन खरीदने पर टैक्स में छूट और सब्सिडी

आरटीए मुनीष कुमार के अनुसार, परिवर्तन यानी नया सफर योजना का उद्देश्य पुराने कमर्शियल वाहनों को हटाकर बीएस-VI और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना है। योजना के तहत पात्र वाहन मालिकों को नए वाहन की खरीद पर कई आर्थिक सुविधाएं दी जा रही हैं।

इनमें 10 साल तक मोटर वाहन कर में 100% छूट और नए वाहन के रजिस्ट्रेशन शुल्क की पूरी माफी शामिल है। पात्र वाहन लोन पर 5 साल तक 5% ब्याज सहायता और एक्स-शोरूम कीमत पर कम से कम 8% छूट का प्रावधान भी है।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.