ऐतिहासिक होगी समरसता संकल्प यात्रा, सामाजिक एकता का दिखेगा विराट स्वरूप : कृष्णपाल गुर्जर

संत रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष पर निकाली जा रही यात्रा में 8 जिलों से गुजरेगी मुख्य यात्रा

फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि सद्गुरु श्री रविदास जी महाराज की शिक्षाएं पूरे समाज को एकता, समानता और भाईचारे के सूत्र में पिरोने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने सदियों पहले भेदभावमुक्त और समतामूलक समाज की जो कल्पना की थी, वह आज भी प्रासंगिक है। उनके 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा सामाजिक एकजुटता और सद्भाव का बड़ा संदेश देगी। 28 नवंबर को फरीदाबाद में आयोजित होने वाली विशाल जनसभा ऐतिहासिक होगी, जिसमें संत रविदास जी महाराज के प्रति श्रद्धा और सामाजिक समरसता का विराट स्वरूप देखने को मिलेगा। कृष्णपाल गुर्जर मंगलवार को भाजपा फरीदाबाद की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय की धरोहर नहीं होते, बल्कि वे संपूर्ण मानवता के साझा मार्गदर्शक हैं। संत रविदास जी महाराज ने हमेशा मानवता, समानता, प्रेम और आपसी सम्मान का संदेश दिया। उनके विचारों को जीवन में अपनाकर ही एक मजबूत और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता का अर्थ केवल एक साथ खड़े होना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान, अधिकार और आगे बढऩे के अवसर देना है। जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी आत्मसम्मान के साथ विकास की मुख्यधारा से जुड़ता है, तभी राष्ट्र की वास्तविक उन्नति संभव होती है। भाजपा इसी भावना के साथ अंत्योदय और सर्वसमावेशी विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ अनुसूचित जाति, पिछड़े और वंचित वर्गों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण के लिए काम कर रही है। वहीं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार शिक्षा, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने बताया कि डॉ. अंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना के तहत वित्त वर्ष 2025-26 में 89,450 विद्यार्थियों को लाभ दिया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत पात्र परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 71 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समाज का कोई भी वर्ग विकास की दौड़ में पीछे न रहे। कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि संत गुरु रविदास जी महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 18 नवंबर से 3 दिसंबर 2026 तक देशव्यापी समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। पंजाब के जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई यह यात्रा करीब 2,402 किलोमीटर का सफर तय करते हुए 47 शहरों से गुजरेगी और वाराणसी स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर में संपन्न होगी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा में मुख्य यात्रा तीन दिनों तक आठ जिलों से गुजरेगी, जबकि प्रदेश के अन्य 15 जिलों की उपयात्राएं भी इसमें शामिल होंगी। 25 नवंबर को यात्रा यमुनानगर से हरियाणा में प्रवेश कर कुरुक्षेत्र पहुंचेगी, जहां मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनसभा को संबोधित करेंगे। 26 नवंबर को करनाल और पानीपत होते हुए सोनीपत के बहालगढ़ में विशाल जनसभा आयोजित होगी। वहीं, 28 नवंबर को यात्रा बदरपुर बॉर्डर से फरीदाबाद में प्रवेश करेगी। इस अवसर पर सेक्टर-12 में विशाल समरसता जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसे केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल संबोधित करेंगे। इसके बाद यात्रा पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर रवाना होगी। कृष्णपाल गुर्जर ने फरीदाबाद और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं तथा संत समाज से यात्रा का भव्य स्वागत करने और 28 नवंबर की जनसभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी महाराज के आदर्शों को अपनाकर समाज में प्रेम, समानता, भाईचारे और आपसी विश्वास को मजबूत करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग एवं शोभित अरोड़ा, जिला कार्यालय सचिव राज मदान सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.