तीन बार हाजिरी लगाने के आदेश के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय घेरा
आयुक्त यतेंद्र सिंह ने कर्मचारियों के विरोध के बाद शाम चार बजे की हाजिरी का आदेश तुरंत प्रभाव से किया रद्द
फरीदाबाद। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की दिन में तीन बार हाजिरी लगाने के आदेश के विरोध में सोमवार को कर्मचारियों ने नगर निगम आयुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के भारी विरोध को देखते हुए नगर निगम आयुक्त यतेंद्र सिंह ने कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत की और शाम चार बजे लगाई जा रही हाजिरी के आदेश को तुरंत प्रभाव से रद्द कर दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर सिंह बालगुहेर ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के अधीन आने वाले 11 नगर निगमों, 68 नगर पालिकाओं और 24 नगर परिषदों में कहीं भी सफाई कर्मचारियों की तीन समय हाजिरी नहीं लगाई जा रही है।
इसके बावजूद फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त द्वारा सफाई कर्मचारियों पर तीन बार हाजिरी लगाने का आदेश थोपना पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी इस तुगलकी फरमान को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी दिनभर शहर की सफाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए मेहनत करते हैं। ऐसे में बार-बार हाजिरी लगाने का आदेश कर्मचारियों के साथ अन्याय है। कर्मचारियों ने एकजुट होकर इस आदेश का विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के बाद आयुक्त द्वारा शाम चार बजे की हाजिरी का आदेश रद्द किए जाने पर कर्मचारियों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताया। प्रदर्शन में जिला सचिव अनिल चंडालिया, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान करतार सिंह, श्रीनंद ढाकोलिया, महेंद्र कुडिय़ा, जितेंद्र छाबड़ा, दर्शन सिंह सोय, नरेश भगवान, प्रेमपाल, राजवीर सिंह चंडालिया, रविंद्र टॉक, राजेश कुमार, विष्णु बेनीवाल, सुरेंद्र चौटाला सहित महिला कर्मचारी नेता शकुंतला, राजवती, सत्तो और इंद्र गांधी सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
