नशे से रहो दूर, जीवन जियो भरपूर: फरीदाबाद में दौड़े नन्हे धावक, दिया नशा मुक्त हरियाणा का संदेश

फरीदाबाद। हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में सेक्टर-67 स्थित आईएमटी मच्छगर में ‘नशे से रहो दूर, जीवन जियो भरपूर’ दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सेंट एपीजे सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बल्लभगढ़ और महामाई रियल्टर्स इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में हुई इस प्रतियोगिता में लगभग 30 स्कूलों के 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, बेटी खिलाओ’ के संदेश के साथ युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखकर खेलों से जोड़ना रहा।
प्रतियोगिता में 12 से 14 वर्ष वर्ग के लड़के-लड़कियों के लिए 200 मीटर तथा 14 से 16 वर्ष वर्ग के लिए 400 मीटर दौड़ कराई गई। दोनों वर्गों में बच्चों ने दमखम और अनुशासन का परिचय दिया। अभियान की पहचान बनी ‘नशे से रहो दूर, जीवन जियो भरपूर’ लिखी टी-शर्ट पहने नन्हे धावक मैदान पर नशा मुक्ति के दूत नजर आए। प्रतियोगिता निदेशक नकुल धनखड़ के अनुसार विजेता खिलाड़ियों को पदक दिए गए तथा सभी प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क जलपान की व्यवस्था रही।

शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि भीम अवार्डी एवं 1966 एशियन गेम्स पदक विजेता भीम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि नशे को भाषण से नहीं, खेल से हराया जा सकता है और बेटियों के खेलने से समाज को नई दिशा मिलती है। समापन समारोह में ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ ने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों को रोज कम से कम एक घंटा खेल के मैदान पर जरूर भेजें। आयोजक हेमंत अग्रवाल और नेत्रपाल सिंह, प्रतियोगिता मैनेजर दुष्यंत धनखड़ तथा कोऑर्डिनेटर सत्यवीर धनखड़ के मार्गदर्शन में आयोजन सफल रहा। इस दौरान विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों की मौजूदगी में सभी ने नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.