नवंबर में नगर निगम ने काटे 2400 चालान, 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। नवंबर माह में अब तक निगम ने करीब 2400 चालान काटकर लगभग 20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के निर्देश पर सभी जोन में सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फैलाने, सीएंडडी वेस्ट डालने और ग्रैप नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी रख रही हैं और नियम तोड़ने वालों के मौके पर ही चालान काटे जा रहे हैं। शहर में दिन-रात सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है।

मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से प्रतिदिन करीब 400 किलोमीटर सड़कों की सफाई की जा रही है। इसके अलावा एंटी स्मॉग गन से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। सफाई कर्मचारी भी अपनी-अपनी बीट में सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं। निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह स्वयं सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और अधिकारियों से लगातार अपडेट ले रहे हैं। निगम प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने, निर्माण सामग्री निर्धारित स्थानों पर डालने और ग्रैप नियमों का पालन करने की अपील की है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.