तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर : उपायुक्त आयुष सिन्हा
- उपायुक्त ने स्कूल का दौरा कर शैक्षणिक सुविधाओं, तकनीकी प्रशिक्षण एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का लिया जायजा - तकनीक में रूचि रखने वाले विद्यार्थियों का आईआईटी का करवाया जाएगा भ्रमण
फरीदाबाद । उपायुक्त आयुष सिन्हा ने स्थानीय अजरौंदा स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विधयलय का दौरा कर विद्यार्थियों को उपलब्ध करवाई जा रही शैक्षणिक सुविधाओं, आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाओं तथा खेल सुविधाओं का जायजा लिया। कंप्यूटर के प्रोग्राम कोडिंग व तकनीकी ज्ञान में रूचि रख रहे विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए तकनीकी संस्थान का भ्रमण करवाया जाएगा।
आयुष सिन्हा ने स्कूल निरिक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधन एवं संबंधित अधिकारियों से विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न गतिविधियों और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस विद्यालय में स्थान पर लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से दो मंजिला भवन का निर्माण करवाया जा रहा है, जिसमे विद्यार्थियों के लिए 24 कक्ष उपलब्ध होंगे। इस भवन के निर्माण के उपरान्त विद्यालय में शिक्षण कार्य के लिए पर्याप्त कक्ष उपलब्ध होंगे।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार और कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने स्कूलों में संचालित रोबोटिक्स, ड्रोन निर्माण एवं संचालन तथा अन्य तकनीकी गतिविधियों की जानकारी लेते हुए कहा कि विद्यार्थियों की रुचि और रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण के अधिक अवसर उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने विद्यालय में स्थित गणित, जीवविज्ञान एवं रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाओं में साफ़-सफाई एवं रख रखाव की सराहना की।
आयुष सिन्हा ने अटल टिंगकरिंग लैब में कंप्यूटर प्रोग्रामिंग तथा रोबोटिक्स में कार्य कर रहे विद्यार्थियों की प्रतिभा की प्रशंसा की। विद्यालय के नौवीं कक्ष के अमन ने ड्रोन विकसित किया है। इसी तरह अभिषेक भी कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में कार्य कर रहे है। इन बच्चो के अलावा भी छठी से आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले अनेक छात्र व छात्राएं भी अटल टिंकरिंग लैब में रूचि पूर्वक तकनीकी ज्ञान व कौशल सीख रहे है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिभाशाली एवं इच्छुक विद्यार्थियों को उन्नत तकनीक और आधुनिक प्रयोगों को नजदीक से समझने का अवसर मिल सके।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने विद्यालय परिसर में पहुंचकर अधिकारियों से विद्यालय में तैनात शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों का विवरण उपलब्ध करवाया जाए ताकि सम्बंधित विद्यार्थियों के परिजनों से उनकी अनुपस्थिति का कारण पता लगाया जा सके। उन्होंने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं के शौचालयों की नियमित रूप से साफ़-सफाई व रख रखाव करवाया जाए। विद्यार्थियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रबंध करवाए जाए। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को पेयजल के सैंपल दिए ताकि सैंपल की रिपोर्ट के अनुसार आवश्यक प्रबंध किए जा सके।
आयुष सिन्हा ने स्कूल परिसर में खेल सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैडमिंटन एवं वॉलीबॉल सहित अन्य खेल गतिविधियों के लिए उपलब्ध मैदानों और आधारभूत ढांचे की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां खेल सुविधाओं के नवीनीकरण अथवा मरम्मत की आवश्यकता है, वहां संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्रवाई करते हुए सुविधाओं को बेहतर बनाएं, ताकि विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने के लिए उचित अवसर मिल सकें।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने के साथ विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से दक्ष, रचनात्मक एवं आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग, आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण और आधुनिक शिक्षा पद्धतियों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस अवसर पर उपजिला शिक्षा अधिकारी मनोज मित्तल, विधालय की प्राचार्या पूनम, शिक्षक तेजपाल व अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
