पलवल के अनुबंधित अध्यापकों ने मंत्री व विधायकों को सौंपा ज्ञापन

तीन साल वाली रेगुलराइजेशन पॉलिसी लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री तक आवाज पहुंचाने का किया आग्रह।

पलवल : हरियाणा के अतिथि अध्यापकों को नियमित करवाने की मांग को लेकर राजकीय अनुबंधित अध्यापक संघ-41 के जिला प्रधान उदयराम शास्त्री एवं सर्वकर्मचारी संघ के नेताओं ने पलवल जिले के मंत्री एवं विधायकों से मुलाकात कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान अध्यापकों ने नियमितीकरण से संबंधित न्यायालय के आदेश प्रस्तुत करते हुए सरकार तक अपनी मांग पहुंचाने का आग्रह किया।ज्ञापन सौंपने के अभियान की शुरुआत हथीन विधानसभा क्षेत्र से हुई, जहां अध्यापकों ने विधायक इज़राइल के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधि को अतिथि अध्यापकों को नियमित करने से संबंधित न्यायालय के आदेश दिखाए गए तथा मुख्यमंत्री तक उनकी मांग पहुंचाने का अनुरोध किया गया।

इसके बाद पलवल के हुड्डा सेक्टर-2 स्थित कम्युनिटी सेंटर में अतिथि अध्यापक एकत्रित हुए। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम की माता जी को ज्ञापन सौंपा और मंत्री के माध्यम से मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग उठाने का आग्रह किया।
वीडियो कॉल पर मंत्री गौरव गौतम से हुई बातचीत इस दौरान खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने वीडियो कॉल के माध्यम से अतिथि अध्यापकों से बातचीत की। जिला प्रधान उदयराम शास्त्री ने मंत्री से कहा कि अतिथि अध्यापक लंबे समय से विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और नियमितीकरण की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अध्यापकों के अनुसार, तीन वर्ष वाली रेगुलराइजेशन पॉलिसी वैध है और सभी संबंधित अतिथि अध्यापक इसकी शर्तें पूरी करते हैं। इसके बावजूद उनकी मांग पर सरकार की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
उदयराम शास्त्री ने मंत्री से आग्रह किया कि अतिथि अध्यापकों की मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर तीन वर्ष वाली रेगुलराइजेशन पॉलिसी लागू करवाने की दिशा में पहल की जाए। इस पर मंत्री गौरव गौतम ने उनकी आवाज उठाने का आश्वासन दिया।

विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया के समक्ष भी रखी मांग का ज्ञापन अभियान के अगले चरण में अनुबंधित अध्यापकों ने पृथला विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुवीर सिंह तेवतिया को नियमितीकरण से संबंधित न्यायालय के आदेशों की जानकारी दी। अध्यापकों ने विधायक से अनुरोध किया कि वे विधानसभा क्षेत्र के अतिथि अध्यापकों की मांग को सरकार के समक्ष उठाएं और उनके नियमितीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने में सहयोग करें।कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ तक पैदल यात्रा पर निकले अतिथि अध्यापक राज्य उपप्रधान महेश तेवतिया ने बताया कि अतिथि अध्यापक 25 अक्टूबर से कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ तक पैदल यात्रा कर रहे हैं। इस यात्रा का उद्देश्य महामहिम राज्यपाल को नियमितीकरण की मांग से संबंधित ज्ञापन सौंपना है। उन्होंने कहा कि अध्यापक अपनी मांग को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार और संबंधित संवैधानिक पदाधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रयासरत हैं।

उन्होंने बताया कि संघ की प्रमुख मांग तीन वर्ष वाली रेगुलराइजेशन पॉलिसी के तहत पात्र अतिथि अध्यापकों को नियमित करना है।इस अवसर पर धर्मेंद्र, हेतराम, करण, महेश तेवतिया, राजपाल शास्त्री, नरेंद्र शर्मा,नरेंद्र सोरोत, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के जिला प्रधान थान सिंह शर्मा, सचिव देवीराम, सर्वकर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया और खंड पलवल के प्रधान हरेंद्र देशवाल,हंसराज,नीलम, सहित अनेक अनुबंधित अध्यापक उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.