बाल महोत्सव के समापन पर मंत्री राजेश नागर ने बच्चों की प्रतिभा को सराहा
बल्लभगढ़ और तिगांव में मिनी बाल भवन बनाने की भी घोषणा, बच्चों की कलाकृतियों का किया अवलोकन
फरीदाबाद। जिला बाल कल्याण परिषद, फरीदाबाद द्वारा आयोजित चार दिवसीय बाल महोत्सव-2026 का समापन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ हुआ। समापन समारोह में हरियाणा सरकार के मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक मंगला ने की।
इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने बल्लभगढ़ और तिगांव में मिनी बाल भवन बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसके लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध होते ही आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा बच्चों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों का अवलोकन किया।
मंत्री राजेश नागर ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रदेश के खिलाड़ी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं, उसी प्रकार बाल महोत्सव में भाग लेने वाले बच्चे भी अपनी प्रतिभा के बल पर आगे बढ़ें और देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानना, उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना और उनकी रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना समाज एवं सरकार की साझा जिम्मेदारी है।
मंत्री ने जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा बच्चों के लिए आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
बाल महोत्सव के दौरान बच्चों ने एकल नृत्य, समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, एकल गायन, फैशन शो, समूह गायन, शास्त्रीय नृत्य, मेहंदी रचाओ, वन एक्ट प्ले और नाटक सहित अनेक माध्यमों से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इनमें जिले के लगभग 45 स्कूलों के 450 बच्चों ने भागीदारी की।
जिला बाल कल्याण अधिकारी अनिल मोरवाल ने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेता मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। मंडल स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। जिला स्तर के विजेताओं को 14 नवंबर, 2026 को बाल दिवस के अवसर पर बाल भवन में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
इस अवसर पर मनोज शास्त्री, अंकुल मिगलानी, कमलेश, प्रीति, मोनिका, विनोद कुमार, रेखा कटारिया, संदीप गुप्ता, रविकांत गुप्ता, मनीषा, पूजा गोयल, भारती शर्मा, मांगे राम, अर्चना, सुमित और मंच संचालक बांके बिहारी एवं विक्रम विवेक कमलेश ने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
