सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने किया सूरजकुंड दिवाली मेले का भ्रमण, कला-संस्कृति की सराहना की

पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी रहीं साथ

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने रविवार को हरियाणा पर्यटन विभाग द्वारा ‘आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी मेला’ की थीम पर आधारित तृतीय सूरजकुंड दिवाली मेले का भ्रमण किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी भी मौजूद रहीं। दोनों ने मेले में विभिन्न राज्यों से आए शिल्पकारों, हस्तशिल्प उत्पादों और पारंपरिक कलाकृतियों का अवलोकन किया। मेले में भारतीय संस्कृति, लोक परंपराओं और स्वदेशी उत्पादों की विविधता देखने को मिली। मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि सूरजकुंड मेला में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए शिल्पकार अपने पारंपरिक उत्पादों के माध्यम से अपनी कला और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित कर रहे हैं। हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक परिधानों, सजावटी सामान और क्षेत्रीय उत्पादों के जरिए आगंतुकों को भारत की विविध सांस्कृतिक पहचान से रूबरू होने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पर्यटन, संस्कृति और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। सूरजकुंड जैसे आयोजन प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करने के साथ-साथ शिल्पकारों और छोटे व्यापारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराते हैं। वहीं, हरियाणा के पर्यटन एवं विरासत मंत्री अरविंद शर्मा भी प्रदेश के पर्यटन स्थलों और सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि सूरजकुंड दिवाली मेला प्रदेश की पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित करने और देश की पारंपरिक कला को नई पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले में विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति, खानपान और हस्तशिल्प की झलक लोगों को आकर्षित कर रही है। ऐसे आयोजन सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी गति प्रदान करते हैं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.