जिला परिषद सीईओ शिखा ने किया तिगांव में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का निरीक्षण

डिजिटलीकरण केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

फरीदाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिविजन-2026) अभियान के अंतर्गत मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), जिला परिषद, शिखा ने तिगांव क्षेत्र का दौरा कर अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डिजिटलीकरण केंद्र (डिजिटाइजेशन सेंटर) का निरीक्षण कर मतदाता प्रपत्रों के डिजिटलीकरण एवं सत्यापन कार्य का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीईओ शिखा ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद करते हुए उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्धारित एसआईआर प्रपत्र समय पर भरकर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन बना रहे। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदान अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर मतदान केंद्र संख्या 285, 286, 287, 288 एवं 290 का निरीक्षण भी किया गया।

इन मतदान केंद्रों पर अभियान की निगरानी सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) एवं नायब तहसीलदार अजय, पार्षद मनोज वशिष्ठ तथा सुपरवाइजर ईश्वर सिंह द्वारा की जा रही है। उन्होंने बूथों पर चल रही गतिविधियों का अवलोकन करते हुए बीएलओ द्वारा किए जा रहे घर-घर संपर्क एवं प्रपत्र संग्रहण कार्य की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। सीईओ शिखा ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं बीएलओ पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे निर्वाचन से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र मतदाताओं को भी निर्धारित समय के भीतर एसआईआर प्रपत्र जमा कराने के लिए प्रेरित करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.