बारिश के दौरान जलभराव रोकने के लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभाग पूरी तरह अलर्ट

प्रमुख चौकों व सडक़ों पर लगाए गए वाटर पंपिंग टैंकर, अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में तैनात

फरीदाबाद। जिले में शुक्रवार को हुई वर्षा तथा मौसम पूर्वानुमान के दृष्टिगत आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा शहर के प्रमुख चौकों, मुख्य सडक़ों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों में पानी का ठहराव न हो, इसके लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभागों ने तत्काल प्रभाव से व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।  उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार नगर निगम फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में तैनात किया गया है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की संभावित सभी जगहों पर तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा किसी भी स्थान पर पानी जमा होने की स्थिति बनने से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उनके निर्देशों के अनुपालन में शहर के प्रमुख चौकों, मुख्य मार्गों, अंडरपास, व्यस्त यातायात मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर वाटर पंपिंग टैंकर, पंपिंग सेट तथा अन्य आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है। इन संसाधनों के माध्यम से वर्षा जल की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यातायात प्रभावित न हो तथा नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्राधिकार में निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा जहां कहीं भी जलभराव की सूचना प्राप्त हो, वहां तत्काल टीम भेजकर पानी की निकासी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार मौके पर रहकर स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मशीनरी एवं मानव संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि वर्षा के कारण कहीं भी लंबे समय तक जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और शहर की सामान्य गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित होती रहें। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिलेवासियों से अपील की है कि अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अति आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। उन्होंने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.