जागरुकता से हेपेटाइटिस-बी और सी का इलाज अधिक प्रभावी : डा. रामचंद्र सोनी
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर स्क्रीनिंग शिविर 150 लोगों ने कराई जांच
फरीदाबाद। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर सेक्टर-86 स्थित एकॉर्ड सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में रविवार को नि:शुल्क हेपेटाइटिस स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों ने भाग लेकर हेपेटाइटिस-बी और सी की स्क्रीनिंग कराई। शिविर में गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. रामचंद्र सोनी मुख्य रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने मरीजों को जागरूक करते हुए बताया कि हेपेटाइटिस एक गंभीर लेकिन बचाव योग्य बीमारी है। कई बार इसके शुरुआती लक्षण दिखाई नहीं देते, इसलिए समय पर जांच कराना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि हेपेटाइटिस-बी और सी की समय रहते पहचान होने पर इलाज अधिक प्रभावी होता है और लिवर को होने वाले गंभीर नुकसान से बचाया जा सकता है।
फैटी लिवर, पीलिया या लंबे समय से लिवर संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को नियमित जांच करानी चाहिए।उन्होंने कहा कि स्वस्थ खानपान, स्वच्छता का ध्यान रखना, संक्रमित सुई या असुरक्षित रक्त से बचाव तथा डॉक्टर की सलाह के अनुसार समय-समय पर जांच कराना हेपेटाइटिस से बचाव के प्रभावी उपाय हैं। लोगों में जागरूकता बढ़ाकर इस बीमारी के मामलों को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य लोगों को लिवर संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और समय पर जांच के महत्व को समझाना है। शिविर में पहुंचे लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि लिवर संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज न करें और समय रहते जांच कराकर उचित उपचार शुरू करें। इससे गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।
