प्रदीप दलाल की किताब ‘नॉट ब्रोकन’ का राज्यपाल ने किया भव्य विमोचन
मनोविज्ञान के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी पुस्तक: राज्यपाल आचार्य देवव्रत
कैथल। लंदन में कार्यरत मनोवैज्ञानिक एवं लेखक प्रदीप दलाल द्वारा लिखित पुस्तक ‘नॉट ब्रोकन’ का विमोचन गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल ने लेखक को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पुस्तक मनोविज्ञान के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में मानसिक तनाव, अवसाद, अकेलापन और जीवन के संघर्ष तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे दौर में ‘नॉट ब्रोकन’ जैसी पुस्तकें समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती हैं। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक केवल एक किताब नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए एक मार्गदर्शक है जो जीवन में कठिनाइयों और मानसिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदीप दलाल ने अपनी लेखनी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील विषय को सरल और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया है, जिससे आमजन भी इसे आसानी से समझ सकेंगे। यह पुस्तक युवाओं, विद्यार्थियों और उन सभी लोगों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जो तनाव, असफलता या आत्म-संदेह जैसी परिस्थितियों से जूझ रहे हैं।
लेखक प्रदीप दलाल ने इस अवसर पर कहा कि ‘नॉट ब्रोकन’ उनके व्यक्तिगत अनुभवों, सामाजिक अवलोकनों और मनोवैज्ञानिक समझ का परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि कोई भी व्यक्ति परिस्थितियों से टूटता नहीं है, बल्कि सही सोच, आत्मविश्वास और समर्थन के माध्यम से वह स्वयं को फिर से मजबूत बना सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज समाज में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता की कमी है और लोग अपने संघर्षों को खुलकर साझा नहीं कर पाते। यह पुस्तक उसी चुप्पी को तोड़ने का प्रयास है और पाठकों को यह विश्वास दिलाती है कि वे अकेले नहीं हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पुस्तक आने वाले समय में युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस अवसर पर विमोचन कार्यक्रम में शुगर फेड हरियाणा के चेयरमैन धर्मबीर डागर, बाबा गुरप्रीत दलाल, संयोजक विश्वदीप दलाल, पूर्व पंजाब यूनिवर्सिटी अध्यक्ष अनुराग दलाल, अंततंग सदस्य राममेहर आर्य, पत्रकार कृष्ण प्रजापति, एडवोकेट जितेन कादयान, मनोज दलाल, चाहत व अन्य उपस्थित रहे।
