संविधान दिवस के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प

- संविधान दिवस पर भारतीय संविधान की प्रस्तावना का किया गया सामूहिक वाचन  - भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार : नगराधीश अंकित कुमार

फरीदाबाद। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया तथा संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और सिद्धांतों को अपने जीवन एवं कार्यशैली में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए नगराधीश अंकित कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का मार्ग प्रशस्त करता है।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें संविधान निर्माताओं के योगदान और उनके दूरदर्शी विचारों को याद करने का अवसर प्रदान करता है। गत 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को इसे लागू किया गया। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।

नगराधीश अंकित कुमार ने कहा कि संविधान केवल अधिकारों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। एक सशक्त और विकसित राष्ट्र के निर्माण के लिए जरूरी है कि हम संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करें तथा समाज में आपसी भाईचारे, समानता और सद्भाव की भावना को बढ़ावा दें।

अंकित कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें तथा आमजन को सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाते समय संवैधानिक मूल्यों को सर्वोपरि रखें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करने तथा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर एसीपी बल्लभगढ़ रवि खुंडिया, डीडीपीओ परमिंदर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

संविधान दिवस के अवसर पर बच्चों को दिलवाई गयी शपथ
जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शिखा ने बताया कि सविधान दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान की मूल भावना, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं कर्तव्यों का पालन करने की शपथ दिलवाई गयी। स्थानीय मुख्यमंत्री प्रारंभिक अंग्रेजी एवं उत्कृष्टता राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और तिगांव स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को संविधान दिवस की शपथ दिलवाई गई तथा सविधान की प्रस्तावना का वाचन भी किया गया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.