होटल में युवती की मौत का मामला हत्या में बदला, प्रेमी की तलाश में जुटी पुलिस
फरीदाबाद। सेक्टर-37 स्थित होटल में दिल्ली विश्वविद्यालय की 19 वर्षीय छात्रा अरुणा की मौत के मामले में पुलिस की जांच हत्या की ओर मुड़ गई है। होटल के कमरे से मिले दो हस्तलिखित नोट में युवती के प्रेमी विपिन यादव ने आठ साल पुराने प्रेम संबंधों का जिक्र करते हुए अरुणा की हत्या के बाद खुद भी जान देने की बात लिखी है। हालांकि, पुलिस अभी मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा। पुलिस के अनुसार, कुरैशीपुर गांव निवासी अरुणा और विपिन 23 नवंबर को सेक्टर-37 स्थित होटल जोया पहुंचे थे। दोनों ने होटल में कमरा नंबर 204 बुक कराया था। होटल की सीसीटीवी फुटेज में विपिन सोमवार शाम कमरे से बाहर निकलता दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
मंगलवार दोपहर होटल कर्मचारियों ने कमरा खुलवाया तो अरुणा मृत अवस्था में मिली। कमरे से चूहे मारने की दवा के खाली रैपर भी बरामद हुए हैं। मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से विपिन के हस्ताक्षर वाले दो नोट मिले। एक नोट में उसने अरुणा के साथ आठ साल से प्रेम संबंध होने का उल्लेख करते हुए उसकी हत्या के बाद आगरा नहर में कूदकर खुद भी जान देने की बात लिखी है। दूसरे नोट में कई लोगों के साथ लाखों रुपये के लेन-देन का हिसाब दर्ज है। परिजनों ने शव की पहचान अरुणा के रूप में की। पुलिस अब फरार विपिन की तलाश में जुटी है। मामले की जांच कर रहे धौज थाना प्रभारी अनिल कुमार के मुताबिक, पोस्टमॉर्टम के बाद ही अरुणा की मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। कमरे से चूहे मारने की दवा के रैपर मिले हैं। ऐसे में आशंका है कि युवती को यही दवा दी गई थी। अभी तक हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस विपिन की तलाश कर रही है। नोट में आगरा नहर में कूदने की बात लिखे जाने के बाद वहां भी पुलिस टीम भेजी गई है। टीम नहर में उसकी तलाश कर रही है। इसके अलावा होटल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
