बड़खल एसडीएम कार्यालय में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित

फरीदाबाद। जिला प्रशासन द्वारा प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को बड़खल स्थित एसडीएम कार्यालय परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल का नेतृत्व एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद एवं जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) विकास सिंह ने किया।

मॉक ड्रिल के दौरान प्राकृतिक आपदा जैसी आकस्मिक एवं आपातकालीन परिस्थितियों का परिदृश्य तैयार कर संबंधित विभागों की तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखा गया। अभ्यास में हरियाणा होमगार्ड, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), रेडक्रॉस तथा स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। टीमों द्वारा आपदा की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्य शुरू करने, प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा घायलों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का अभ्यास किया गया।

एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय कम से कम समय में प्रभावी कार्रवाई कर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों का सतर्क, प्रशिक्षित और आपसी समन्वय के साथ कार्य करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से आयोजित की जाने वाली मॉक ड्रिल से आपदा प्रबंधन व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और कमियों को समय रहते दूर करने में मदद मिलती है।

डीआरओ विकास सिंह ने कहा कि आपदा प्रबंधन में प्रत्येक विभाग की भूमिका महत्वपूर्ण है। मॉक ड्रिल का उद्देश्य उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत-बचाव कार्यों के बेहतर समन्वय को सुनिश्चित करना है। उन्होंने संबंधित टीमों को आपातकालीन परिस्थितियों में पूरी तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की कि वे प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.