सुशील यादव बने  आरडब्ल्यूए सेक्टर 37 के प्रधान, संजय गर्ग बने महामंत्री

चुनाव में सुशील यादव एवं संजय गर्ग टीम की प्रचंड जीत, 20 में से 16 पदों पर कब्जा

फरीदाबाद। सेक्टर-37 रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के चुनाव में सुशील यादव एवं संजय गर्ग टीम ने 20 में से 16 पदों पर प्रचंड बहुमत के साथ शानदार जीत हासिल की। चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामुदायिक भवन, सेक्टर-37 में संपन्न हुआ। चुनाव में सेक्टर-37 के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आरडब्ल्यूए के प्रतिनिधियों का चयन किया। कुल 975 मतदाताओं में से 821 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रधान पद के चुनाव में सुशील कुमार यादव ने वर्तमान प्रधान आई.डी. शर्मा को 75 वोटों से हराकर जीत दर्ज की। सुशील यादव के नेतृत्व वाली टीम ने चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 में से 6 पदाधिकारी पदों तथा 12 में से 10 कार्यकारिणी सदस्य पदों पर विजय हासिल की।

नई कार्यकारिणी में संजय गर्ग को महासचिव, मुकेश मल्होत्रा (बंटी) को वरिष्ठ उपप्रधान, प्रवीण चौहान को उपप्रधान, जय नाथ झा को संगठन सचिव, के.के. डावर को संयुक्त सचिव तथा रचना गोयल को कार्यालय सचिव चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी सदस्य के रूप में जितेन्द्र कुमार बलूजा, एम. एस. चौधरी, मंजू शर्मा, एन. के. श्रीवास्तव, राजेश दुग्गल, रजनी गुप्ता, राम अवतार गुप्ता, रविन्द्र कुमार सैनी, संतोष सिंगला, सुभाष गुप्ता निर्वाचित हुए। वहीं, आई. डी. शर्मा गुट से सुभाष गुप्ता को कोषाध्यक्ष और प्रवीण चौहान को उपप्रधान मान सिंह व बाबूलाल गुप्ता को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। नवनिर्वाचित प्रधान सुशील यादव ने शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के लिए सेक्टर-37 के सभी निवासियों, पुलिस प्रशासन, चुनाव अधिकारीयों और फरीदाबाद के रजिस्टार सहित सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरी टीम के साथ-साथ उन सभी निवासियों के विश्वास और समर्थन की जीत है, जिन्होंने टीम पर भरोसा जताया।

नई आरडब्ल्यूए टीम सभी निवासियों को साथ लेकर सेक्टर-37 के विकास, स्वच्छता, सुरक्षा, मूलभूत सुविधाओं और बेहतर नागरिक व्यवस्था के लिए पूरी निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि टीम का मुख्य उद्देश्य सेक्टर-37 को और अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित एवं बेहतर आवासीय क्षेत्र बनाना रहेगा। नवनिर्वाचित महामंत्री संजय गर्ग ने सेक्टर-37 के सभी निवासियों का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें विश्वास दिलाया कि आरडब्ल्यूए क्षेत्र की समस्याओं और निवासियों की अपेक्षाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक समस्या को संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाकर उसके स्थायी समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे और सेक्टर के लोगों की आपसी एकजुटता और सामूहिक प्रयासों से सेक्टर-37 को और बेहतर, स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.