22, 23, 29 व 30 अगस्त को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत विशेष अभियान : डीसी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद । जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए जिले में 22 अगस्त, 23 अगस्त, 29 अगस्त तथा 30 अगस्त 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन विशेष अभियान तिथियों पर जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित रहेंगे तथा पात्र मतदाताओं से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने, नाम अथवा विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि होने या अन्य संबंधित दावे एवं आपत्तियों के लिए पात्र नागरिक निर्धारित विशेष अभियान तिथियों पर अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि विशेष अभियान की निर्धारित तिथियों पर सभी मतदान केंद्रों पर उनकी उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र नागरिकों को दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उपायुक्त ने जिला के पात्र नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण अवश्य जांचें और यदि किसी प्रकार की त्रुटि अथवा आपत्ति हो तो निर्धारित समयावधि में अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.