भाजपा सरकार भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए अधिकारियों पर ठीकरा फोड़ रही : नीरज गुप्ता

फरीदाबाद।  कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नीरज गुप्ता ने सेक्टर-12 में आयोजित दिशा की बैठक में भाजपा नेताओं द्वारा अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है । उन्होंने कहा कि जिन लोगों को सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिली है, वे अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए अब अधिकारियों को कोसने में लगे हुए हैं। नीरज गुप्ता ने कहा कि जिस प्रकार  भाजपा  केंद्रीय मंत्री और विधायकों ने बैठक में भाषा का प्रयोग किया, उससे साफ जाहिर होता है कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह विफल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों में गड़बड़ी हुई है तो इसकी जिम्मेदारी भी सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों की बनती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि जिन नेताओं और अधिकारियों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार हुआ, उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाना चाहिए।

नीरज गुप्ता ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, लेकिन सार्वजनिक मंचों पर अमर्यादित भाषा का प्रयोग करना भाजपा नेताओं की हताशा और विफलता को दर्शाता है। कांग्रेस नेता नीरज गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों और कमजोर प्लानिंग के कारण फरीदाबाद का विकास ठप हो गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार होने के बावजूद आज शहर की हालत बद से बदतर हो चुकी है। विकास कार्य केवल कागजों में दिखाई दे रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में आग लगने की घटना के बाद महत्वपूर्ण दस्तावेज जलने से कई सवाल खड़े होते हैं।

फरीदाबाद में हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्यों का हिसाब जनता मांग रही है। भाजपा सरकार जनता के पैसे का सही उपयोग करने में पूरी तरह असफल रही है। नीरज गुप्ता ने टोल टैक्स के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरते हुए कहा कि जो नेता पहले टोल टैक्स को जजिया कर बताते थे, आज उन्हीं के शासन में फरीदाबाद की जनता पर कई टोल थोप दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बदरपुर बॉर्डर से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों तक आम आदमी को लगातार आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। कांग्रेस सडक़ों। पर उतरेगी भाजपा के कार्यशैली का पोल खोलने   तथा भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.