रमज़ान का महीना इबादत और दुआ का महीना : नदीम खान

नूह : भाजपा नेता एवं प्रदेश प्रभारी सोशल मीडिया, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा हरियाणा नदीम खान ने कहा कि रमज़ान इस्लाम धर्म का सबसे पवित्र और बरकतों से भरा महीना है। यह महीना इबादत, दुआ, सब्र और आत्मशुद्धि का संदेश देता है। दुनिया भर में मुसलमान इस महीने में रोज़ा रखकर अल्लाह की रज़ा हासिल करने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि रमज़ान हमें सिखाता है कि सच्ची इबादत केवल नमाज़ और रोज़े तक सीमित नहीं है, बल्कि अच्छे आचरण, सच्चाई, ईमानदारी और इंसानियत की सेवा में भी है। रोज़ा इस्लाम के पाँच स्तंभों में से एक है, जो इंसान को धैर्य, संयम और त्याग की भावना सिखाता है। इससे गरीबों और जरूरतमंदों के दर्द का एहसास होता है और समाज में करुणा व भाईचारे की भावना मजबूत होती है।

भाजपा नेता नदीम खान ने कहा कि रमज़ान के दौरान कुरआन की तिलावत, तरावीह की नमाज़ और दुआओं का विशेष महत्व है। आखिरी दस रातें बेहद खास होती हैं, जिनमें शब-ए-क़द्र की रात शामिल है, जिसे हजार महीनों से बेहतर बताया गया है।
उन्होंने कहा कि यह पवित्र महीना ज़कात और फ़ित्रा के माध्यम से जरूरतमंदों की मदद करने तथा समाज में समानता और आपसी प्रेम को बढ़ाने की प्रेरणा देता है। रमज़ान आत्ममंथन और नेक राह पर चलने का महीना है, जिसकी सीख को अपनाकर समाज में शांति, सद्भाव और इंसानियत को और मजबूत किया जा सकता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.