पंकज तंवर की स्वर्णिम जीत युवाओं के लिए बनी प्रेरणास्रोत : रघुबीर तेवतिया

गदपुरी के पंकज ने स्वीडन में फहराया तिरंगा, विधायक ने किया सम्मानित

फरीदाबाद। जिले के गांव गदपुरी के होनहार युवा मुक्केबाज पंकज तंवर ने स्वीडन के गोटनबर्ग शहर में आयोजित हैवीवेट बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल अपने परिवार और गांव, बल्कि पूरे पलवल जिले के साथ-सथ पृथला विधानसभा क्षेत्र एवं हरियाणा का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। न्यूजवैडन बाक्सिंग फैडरेशन के तत्वावधान में आयोजित गोटनबर्ग बॉक्स ओपन-2026 नामक चेम्पियनशिप में विश्व के पोलेंड, आयरलेंड, इंगलेंड, साउथ कोरिया, होंगकॉंग, रसिया, यूकेंन, नीदरलेंड, भारत, नोरवे, फिनलेंड, स्वीडन, डेनमार्क व स्कॉटलेंड आदि देशों ने भाग लिया, जिसमें पंकज तंवर ने भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए सभी को पराजित कर गोल्ड मैडल पर कब्जा कर लिया। पंकज तंवर ब्लॉक समिति पलवल के पूर्व वाईस चेयरमैन लक्ष्मण तंवर के रिश्ते मेंं पौत्र हैं। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। गोल्ड मेडल जीतकर स्वदेश लौटने पर गदपुरी गांव में पंकज तंवर का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।

ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने अपने इस गोल्डन बॉय को कंधों पर उठाकर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। इस अवसर पर पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक रघुबीर तेवतिया ने पंकज तंवर को शॉल ओढ़ाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। विधायक तेवतिया ने कहा कि पंकज तंवर ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर विश्व मंच पर भारत का तिरंगा लहराकर हर युवा के लिए प्रेरणा का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल की प्रतिभाएं यदि उचित अवसर और संसाधन प्राप्त करें तो वे दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं। विधायक रघुबीर तेवतिया ने कहा कि पंकज की यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की जीत नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के आत्मविश्वास और युवाशक्ति की जीत है।

उन्होंने कहा कि आज का युवा खेलों के माध्यम से देश का नाम रोशन कर रहा है और ऐसे खिलाडियों को हर संभव सहयोग एवं प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पंकज भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए अनेक स्वर्णिम सफलताएं अर्जित करेंगे। इस अवसर पर ब्लॉक समिति पलवल के पूर्व वाइस चेयरमैन लक्ष्मण तंवर ने कहा कि पंकज ने परिवार और गांव का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उनकी सफलता आने वाली पीढियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। कार्यक्रम में जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन डॉ. मुकेश भाटी, नीरज सरपंच गदपुरी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता बिजेन्द्र आर्य, जवाहर सरपंच हरफली, सुन्दर सरपंच सोफ्ता, सतपाल नम्बरदार, नरेश पूर्व सरपंच गदपुरी, सुरेश एडवोकेट गुदपुरी, अनंगपाल, हेमराज पूर्व सरपंच, सुमेर मास्टर, फॅूल सिंह पूर्व सरपंच हरफली, ईलू खान मैम्बर सोफ्ता सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.