पर्यावरण और प्रदूषण समिति की बैठक में प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों के साथ हुआ मंथन
फरीदाबाद। अरावली गोल्फ क्लब में हरियाणा विधानसभा की पर्यावरण और प्रदूषण समिति की एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा, समिति के चेयरमैन एवं विधायक रामकुमार कश्यप, विधायक घनश्याम दास, विधायक सतीश फागना और विधायक मामन खान ने विशेष रूप से सहभागिता की।
बैठक में शहर के बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने और उसे कम करने को लेकर गंभीर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान उपायुक्त आयुष सिन्हा, नगर निगम कमिश्नर यशेंद्र सिंह सहित नगर निगम, एफएमडीए, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, वन विभाग, एचएसआईडीसी, एचएसवीपी, सिंचाई विभाग और बिजली निगम के तमाम उच्च अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ मिलकर शहर को साफ-सुथरा और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएं।
विभिन्न क्षेत्रों का औचक दौरा और पौधरोपण
बैठक के तुरंत बाद समिति के सभी माननीय सदस्यों और अधिकारियों ने शहर के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों का जमीनी दौरा किया। इस दौरान टीम ने गुरुग्राम कैनाल, सेक्टर-58 स्थित एसटीपी प्लांट और जेसीबी प्लांट का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा सेक्टर-59 की ग्रीन बेल्ट में विकसित किए गए ‘नमो वन’ का भी जायजा लिया। दौरे के अंतिम चरण में सभी गणमान्य अतिथियों ने बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर 61-62 के डिवाइडिंग रोड पर त्रिवेणी के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण किया।
