निर्वाचन आयोग की सभी गतिविधियां समयबद्ध तरीके से पूरी करें अधिकारी : डीसी आयुष सिन्हा
- मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
फरीदाबाद । हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी गतिविधियों को गंभीरता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग इस प्रक्रिया की लगातार निगरानी कर रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिला के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्यों को पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन हो सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने निर्देश दिए कि सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका सत्यापन भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से गणना प्रपत्र भरने वाले मतदाताओं का भी बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाएगा ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाया जा सके।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि राजनीतिक दलों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्ल्यूए), सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर निर्वाचन आयोग की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाया जाए। बैठक के दौरान बीएलओ की नियुक्ति, प्रशिक्षण कार्यक्रम, गणना प्रपत्रों के वितरण, मीडिया प्रचार-प्रसार तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
