नीट यूजी परीक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, सभी अधिकारी जिम्मेदारी से निभाएं ड्यूटी : आयुष सिन्हा
21 जून को 19 केंद्रों पर होगी नीट यूजी परीक्षा, प्रशासन ने पूरे किए सुरक्षा एवं प्रबंधन के इंतजाम
फरीदाबाद। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि नीट यूजी की परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को जिला के 19 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से लेकर सायं 5-15 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीट यूजी परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन के लिए नियुक्त सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूर्ण निर्वहन करना होगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। डीसी आयुष सिन्हा आज लघु सचिवालय सभागार में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े ट्रांजिट अधिकारियों, ड्यूटी मजिस्ट्रेटों, सेंटर सुपरिंटेंडेंट, सिटी कोऑर्डिनेटर तथा अन्य संबंधित अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पंखे, पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा दीवार घडिय़ों की व्यवस्था की जांच पहले से कर ली जाए ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। डीसी आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वारों पर अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त शेड एवं आवश्यकतानुसार अस्थायी टेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भीषण गर्मी में विद्यार्थियों को असुविधा न हो। डीसी आयुष सिन्हा ने ड्यूटी मजिस्ट्रेटों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि वे केवल औपचारिक उपस्थिति तक सीमित न रहें बल्कि परीक्षा केंद्रों की संपूर्ण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी रखें।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा प्रश्नपत्र की गोपनीयता भंग होने की संभावना को पूरी तरह समाप्त करना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा से पूर्व शौचालयों, आसपास के क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं कोई आपत्तिजनक सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मौजूद न हों। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। केवल अधिकृत अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एजेंसी प्रतिनिधियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। उन्होंने बायोमेट्रिक सत्यापन, फ्रिस्किंग, सीसीटीवी कैमरों तथा जैमर की व्यवस्थाओं की पूर्व जांच करने के निर्देश दिए। संबंधित एजेंसियों के प्रतिनिधियों को समय पर केंद्रों पर उपस्थित रहने तथा सभी उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, निगम जॉइंट कमिश्नर करण सिंह, सीटीएम अंकित कुमार सहित सिटी कोऑर्डिनेटर, सेंटर सुपरिंटेंडेंट, ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
