मानसून से पहले क्षेत्र में विकास और जल जमाव पर मंत्री राजेश नागर ने अधिकारियों को कसा

मंत्री  ने एफएमडीए, नगर निगम, बिजली निगम आदि विभागों के आला अधिकारियों की ली बैठक

फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने आज अपनी तिगांव विधानसभा क्षेत्र से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों की एफएमडीए कार्यालय में बैठक ली और उन्हें मानसून से पहले सभी आवश्यक तैयारियां करने के लिए निर्देश दिए।  उन्होंने सेक्टर 37 एवं अशोका एन्क्लेव में सीवर की सफाई एवं सुधार, पानी की आपूर्ति, पुरी प्राणायाम सहित अन्य क्षेत्रों में जल जमाव की पहचान कर वहां सुधार कार्य करने, सफाई व्यवस्था सुधारने, जलापूर्ति सुधारने, सडक़ों पर लाइट बढ़ाने और नहर पार चल रहे सौन्दर्यीकरण के कार्य में तेजी लाने सहित फरीदाबाद को मिलने वाले गंगा वाटर सप्लाई में ग्रेटर फरीदाबाद तिगांव विधानसभा को भी हिस्सेदारी मिलने आदि विषयों पर विचार किया।

उन्होंने कहा कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में चल रहे सभी विकास कार्यों की समीक्षा की गई है और समय पर सभी को अपनी जिम्मेदारी पूरी करने की हिदायत दी गई है। मंत्री नागर ने एफएमडीए, नगर निगम, बिजली निगम, पीडब्ल्यूडी, पब्लिक हेल्थ, सिंचाई विभाग आदि सभी विभागों के मौजूद अधिकारियों से उनके कार्यों को तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।  मंत्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सभी क्षेत्रों में समान विकास के हिमायती हैं और हम उनके आशीर्वाद से अपने तिगांव विधानसभा क्षेत्र में भी तेजी से विकास कर रहे हैं। हमारे क्षेत्र में बिजली, पानी, सडक़, सफाई एवं सौंदर्यकरण के कार्य तेजी पर हैं जिसका लाभ लोगों को जल्द से जल्द देने के लिए आज बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक का एक प्रमुख कारण विभिन्न विभागों के बीच में सामंजस्य बैठा कर जन भावनाओं को देखते हुए विकास की गति को तेज करना था।

उन्होंने कहा कि मानसून से पहले किसी भी क्षेत्र में जल जमाव और सीवर ओवरफ्लो की समस्या को रोकना भी हमारा प्रमुख उद्देश्य है जिसमें हम निश्चित तौर पर सफल होंगे।  इस बैठक में एफएमडीए के सीईओ पीसी मीणा, एडिशनल सीईओ गौरी मिड्ढा एवं एडिशनल सीईओ डॉ एकता चोपड़ा विभिन्न विभागों से संबद्ध चीफ इंजीनियर विशाल बंसल, चीफ इंजीनियर आरके शर्मा, चीफ इंजीनियर वीएस गिल, चीफ इंजीनियर पार्थ चौधरी, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर जितेंद्र ढुल, सुपरिटेंडिंग इंजीनियर धर्मवीर गुप्ता, एक्सईएन एससी अवस्थी, एक्सईएन अश्विनी गौर, एक्सईएन अंकित भारद्वाज, एक्सईएन प्रकाश लाल, एक्सईएन केएस पठानिया, एसडीओ ताराचंद, एसडीओ आरके मलिक, एसडीओ विकी, एसडीओ जितेंद्र सिंह, एसडीओ कमल नागर, एसडीओ राकेश कुमार, डीटीपी यजन चौधरी, एडवाइजर ललित अरोड़ा, एडवाइजर सुधीर सिंह चौहान, एडवाइजर एन डी वशिष्ठ आदि प्रमुख संख्या में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.