विश्व हृदय दिवस पर मैरिंगो एशिया अस्पताल में सिखाए जीवन रक्षक कौशल
- हार्ट फेलियर क्लीनिक की शुरुआत, मरीजों के लिए नि:शुल्क एनटी-प्रोबीएनपी जांच की सुविधा
फरीदाबाद। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, फरीदाबाद में हार्ट फेलियर क्लिनिक की शुरुआत की गई। इस पहल का उद्देश्य हार्ट फेलियर से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श, आवश्यक जांच, बीमारी की गंभीरता के आकलन और नियमित फॉलोअप की समर्पित सुविधा उपलब्ध कराना है। हार्ट फेलियर की स्थिति में समय रहते बीमारी की पहचान, नियमित निगरानी और उचित उपचार बेहद महत्वपूर्ण होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल की ओर से मरीजों के लिए एनटी-प्रोबीएनपी जांच निशुल्क उपलब्ध कराई गई। यह रक्त जांच हार्ट फेलियर की गंभीरता का आकलन करने में चिकित्सकों के लिए उपयोगी होती है और मरीज के उपचार एवं आगे की निगरानी की योजना बनाने में मदद कर सकती है।
इस अवसर पर कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र गोयल और डॉ. समीर कुमार ने हेल्थ टॉक के माध्यम से मरीजों को हृदय स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और हृदय संबंधी लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान फिजियोथेरेपी टीम ने स्ट्रेचिंग एवं वेलनेस सेशन आयोजित किया। वहीं, इमरजेंसी टीम ने बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) ट्रेनिंग का प्रदर्शन कर आपात स्थिति में जीवन बचाने के लिए आवश्यक प्राथमिक कौशल की जानकारी दी।
डॉ. नवनीत सिंह छाबड़ा, फैसिलिटी डायरेक्टर, मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल्स, फरीदाबाद ने कहा कि हार्ट फेलियर एक ऐसी स्थिति है, जिसमें समय पर पहचान, नियमित निगरानी और उचित उपचार बेहद महत्वपूर्ण हैं। हार्ट फेलियर क्लीनिक की शुरुआत के माध्यम से हमारा उद्देश्य मरीजों को एक समर्पित और समग्र देखभाल व्यवस्था उपलब्ध कराना है। एनटी-प्रोबीएनपी जैसी आवश्यक जांच को चयनित मरीजों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराने से हार्ट फेलियर की गंभीरता के आकलन और आगे की चिकित्सा योजना में मदद मिलेगी। हमारा प्रयास है कि मरीजों को सही समय पर विशेषज्ञ सलाह और निरंतर देखभाल मिल सके।
