जे.सी.बोस विश्वविद्यालय ने पास-आउट छात्रों को दिया ‘स्पेशल मर्सी चांस’, डिग्री पूरी करने का मौका
फरीदाबाद। जे.सी. बोस विश्वविद्यालय ने पास-आउट छात्रों को डिग्री पूरी करने का विशेष अवसर दिया है। विश्वविद्यालय ने ‘स्पेशल मर्सी चांस’ के तहत उन पूर्व छात्रों को लंबित री-अपीयर या बैकलॉग पेपर देने की अनुमति दी है, जिन्होंने डिग्री पूरी करने की निर्धारित अधिकतम समय-सीमा पूरी कर ली है। विश्वविद्यालय के अनुसार, यह विशेष अवसर वर्ष 2009 में विश्वविद्यालय बनने के बाद दाखिला लेने वाले पात्र पूर्व छात्रों के लिए लागू होगा। इसके तहत छात्र एक से अधिक सेमेस्टर के लंबित पेपरों की परीक्षा देकर अपनी डिग्री पूरी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. संजय कौशिक ने कहा कि समय-सीमा समाप्त होने के कारण किसी छात्र का पूर्व में किया गया परिश्रम व्यर्थ न जाए, इसी उद्देश्य से यह अवसर दिया गया है। इससे पूर्व छात्र अपने लंबित बैकलॉग क्लियर कर पूर्ण डिग्री हासिल कर सकेंगे। इस अवसर का लाभ लेने के लिए पात्र छात्रों को 5 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक विश्वविद्यालय की परीक्षा शाखा में ऑफलाइन यानी मैनुअल रूप से परीक्षा फॉर्म जमा करना होगा। विशेष परीक्षा के लिए 10 हजार रुपये प्रति छात्र प्रति सेमेस्टर शुल्क निर्धारित किया गया है। री-अपीयर परीक्षा फॉर्म विश्वविद्यालय की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। परीक्षा की डेटशीट बाद में पोर्टल पर जारी की जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजीव कुमार सिंह ने पात्र पूर्व छात्रों से निर्धारित समय-सीमा में आवेदन जमा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि परीक्षा शाखा ने फॉर्म जमा करने की प्रक्रिया को सुगम बनाया है, ताकि पात्र छात्र इस विशेष अवसर का लाभ उठा सकें।
