अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन, युवाओं में दिखा उत्साह और आत्मविश्वास
Gurugram। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मार्गदर्शन में मेरा युवा भारत, गुरुग्राम द्वारा 23 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ। जिला अंबाला सहित विभिन्न जिलों से आए युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रीय एकता, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। सकारात्मक विचार-विमर्श ने पूरे कार्यक्रम को प्रभावी और प्रेरक बना दिया।
मुख्य अतिथि – कमलेश शास्त्री, मंडल बाल कल्याण अधिकारी
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कमलेश शास्त्री ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता युवाओं की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी पर निर्भर करती है। नैतिक मूल्यों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सामाजिक कर्तव्यों को जीवन में अपनाने का उन्होंने विशेष आह्वान किया। प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यही युवा शक्ति समाज में सकारात्मक बदलाव लाएगी।
विशिष्ट अतिथि – विमल खंडेलवाल, संरक्षक, इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी
विशिष्ट अतिथि विमल खंडेलवाल ने युवाओं से सीधे संवाद करते हुए सेवा भावना और सामाजिक सहभागिता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने समय प्रबंधन, कौशल विकास और टीमवर्क को सफलता की कुंजी बताया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि युवा देश की वास्तविक शक्ति हैं और भारत विश्व पटल पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। इसके लिए हर युवा को शिक्षा, चरित्र और कर्म के माध्यम से राष्ट्र को मजबूत बनाना होगा। उनके विचारों ने युवाओं में नई ऊर्जा भर दी।
जिला युवा अधिकारी – विनीत गहलावत, मेरा युवा भारत, गुरुग्राम
कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला युवा अधिकारी विनीत गहलावत की अहम भूमिका रही। उन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित और सकारात्मक वातावरण में संपन्न कराया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न पृष्ठभूमियों से आए युवाओं के बीच सांस्कृतिक समझ, संवाद और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। उन्होंने प्रतिभागियों के अनुशासन और सक्रिय सहयोग की सराहना की तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर राष्ट्रपति अबड्डी ममता धवन ने बच्चों को पॉक्सो एक्ट तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्राथमिक चिकित्सा की महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिससे युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता और सुरक्षा संबंधी समझ बढ़ी।
समापन समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह आयोजन युवाओं के लिए सीख, प्रेरणा और नेतृत्व विकास का सशक्त मंच सिद्ध हुआ।
