सफाई-सीवर कर्मचारियों की 14 दिन से जारी हड़ताल का समाधान करे सरकार : नरेश शास्त्री
सामाजिक, राजनीतिक, धार्मिक एवं कर्मचारी संगठनों से आंदोलन के समर्थन की अपील
फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय फरीदाबाद पर आज 14 वे दिन की हड़ताल की अध्यक्षता संघ के सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर बालगुहेर ने की संचालन ऑडिटर लक्ष्मण परचा ने किया हड़ताली कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र भेजकर प्रदेश के सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने तथा पिछले 14 दिनों से चल रही हड़ताल का तत्काल समाधान करवाने की अपील की है। नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा ने निर्णय लिया है कि 20 अगस्त से प्रदेश के शहरों के बाजारों में प्रदर्शन कर आम जनता से सफाई कर्मचारियों के आंदोलन के समर्थन की अपील की जाएगी तथा स्थानीय विधायकों को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करवाने की अपील की जाएगी।
प्रेस को जारी बयान में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि प्रदेश की सभी पालिका परिषदों, नगर निगमों एवं अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर मजबूती के साथ हड़ताल पर डटे हुए हैं। हड़ताल के कारण प्रदेश के शहरों की कॉलोनियों, सेक्टरों, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। गली-मोहल्लों, मुख्य मार्गों एवं चौराहों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं तथा सीवर व्यवस्था प्रभावित होने के कारण नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शास्त्री ने कहा कि प्रदेश के गरीब सफाई एवं सीवर कर्मचारियों को सरकार ने मई में हुए समझौते के बावजूद दोबारा हड़ताल करने के लिए मजबूर किया है।
13 मई को शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सफाई, सीवर एवं फायर कर्मचारियों की रेगुलराइजेशन, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, रणवीर एवं भावी चंद्र शर्मा के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता एवं पक्की नौकरी देने सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी। उन्होंने कहा कि बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री द्वारा 30 जून तक मानी गई मांगों के संबंध में आवश्यक पत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद रेगुलराइजेशन सहित अन्य मांगों को लागू करने के लिए आवश्यक पत्र जारी नहीं किए गए।
इसी कारण प्रदेश के सफाई, सीवर एवं फायर कर्मचारियों को 6 अगस्त से दोबारा हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होना पड़ा। राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि कर्मचारी किसी टकराव के पक्ष में नहीं हैं। आज के प्रदर्शन में अन्य के अलावा राज्य उप महासचिव सुनील चिंडालिया कमला राज्य उपाध्यक्ष जिला प्रधान दलीप बोहोत,राज्य सचिव अनूप चंडालिया राज्य सचिव अजय शास्त्री जिला सचिव अनिल चिंडालिया कॉमरेड वीरेंदर डंगवाल जिला सचिव जिला उपप्रधान सुदेश जैनवाल, जिला कोषाध्यक्ष रघुबीर चौटाला राकेश चिंडालिया महेन्द्र कुडिय़ा सचिव सफाई कर्मचारी यूनियन श्रीनदं ढकोलिया वरिष्ठ उपप्रधान सफाई कर्मचारी यूनियन, जितेन्द्र छाबड़ा कोषाध्यक्ष, सैनिटेशन स्टाफ यूनियन से प्रधान राहुल चिंडालिया सचिव विशाल पारचा वरिष्ठ उपप्रधान मदन देवीचरण शर्मा प्रधान वॉटर सप्लाई यूनियन फायर यूनियन प्रधान मेघ श्याम राकेश चिंडालिया रमेश विद्लान हेमवती नंदन प्रधान बेलदार कर्मचारी अनेकों कर्मचारी नेता उपस्थित रहे।
