सरकार पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रयासरत : राजेश नागर

उत्कृष्ट कार्य के लिए सात श्रेणियों में पत्रकारों को मिले देवर्षि नारद राज्य स्तरीय सम्मान

फरीदाबाद।  राज्य स्तरीय 11वें देवर्षि नारद पत्रकार सम्मान समारोह में पत्रकारों को उत्कृष्ट कार्य के लिए 7 श्रेणियों में  सम्मानित किया गया।  सेक्टर-87 स्थित मॉडर्न दिल्ली इंटरनेशनल स्कूल (एमडीआईएस) में विश्व संवाद केंद्र न्यास हरियाणा द्वारा आयोजित इस समारोह में प्रदेश भर से पत्रकार, शिक्षाविद, उद्योगपति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ हुआ।  इस अवसर पर हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि देव ऋषि नारद को आदि पत्रकार माना जाता है, जो समाचार प्रेषक के रूप में प्रख्यात थे। वे अपनी सृजन शक्ति और जनकल्याणकारी संदेशों के प्रसार के लिए तीनों लोकों में विचरण करते रहते थे।

राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि पत्रकारिता समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है और नारद मुनि ने सत्य, संवाद और सूचना के आदान-प्रदान की परंपरा को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार की पत्रकार हितैषी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ पत्रकारों को 15,000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान कर रही है। सरकार पत्रकारों के सामाजिक और आर्थिक सम्मान को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस अवसर पर प्रांत प्रचारक डा. सुरेंद्र पाल ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारिता का जिक्र करते हुए ने कहा कि हर कालखंड में पत्रकारिता ने समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने कहा कि पत्रकार को किसी भी प्रकार के दबाव, पद, प्रतिष्ठा या आर्थिक लाभ के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में नहीं आना चाहिए। कार्यक्रम में विश्व संवाद केंद्र के सचिव राजेश कुमार ने केंद्र की स्थापना, उद्देश्यों और गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्व संवाद केंद्र शीघ्र ही देवर्षि नारद के विचारों और संचार परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर शोधपत्र तैयार कराने की महत्वपूर्ण पहल भी शुरू करेगा। इस अवसर पर एमडीआईएस के निदेशक राजीव गिरधर, शिवालिक प्रिंट के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल तथा वैश्य जागृति फाउंडेशन के अध्यक्ष मनमोहन गुप्ता एवं अन्य वक्ताओं ने भी कहा कि पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र की प्रगति,समाज को सही दिशा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व भी निभाती है।

कार्यक्रम में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले पत्रकारों में ग्रामीण विषयक पत्रकारिता नारद सम्मान पत्रकार रामकिशन को, सामाजिक सरोकार पत्रकारिता नारद सम्मान पत्रकार साक्षी रावत, उत्कृष्ट न्यूज पोर्टल पत्रकारिता नारद सम्मान मानसी अरोड़ा को, उत्कृष्ट फोटो पत्रकारिता नारद सम्मान ओमप्रकाश पांचाल, नवोदित पत्रकारिता नारद सम्मान नवनीत शर्मा, पत्रकारिता सेवा नारद सम्मान विश्वजीत शर्मा और देश के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में संपादक पद पर रहे वरिष्ठ पत्रकार गुलशन कुमार को देवर्षि नारद आजीवन उत्कृष्ट पत्रकारिता श्रेणी में सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मार्कण्डेय आहूजा, राजेश चौहान, माधव, संपादक राजेश शांडिल्य, अमित चौधरी, संपादक नरेंद्र कुंडू, विवेक, विश्वनाथ, संपादक अनिल आर्य, छत्रपति, राजीव, अनिल कुमार, दीक्षांत, लक्ष्मण, शरद, डॉ. जयपाल, राजेंद्र आदि ने सक्रिय भूमिका निभाई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.