अगस्त क्रांति की गूंज : जिला कांग्रेस की बैठक में शहीदों को किया नमन

बलजीत कौशिक बोले, पूर्वजों के त्याग और बलिदान से मिली आजादी, इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य

फरीदाबाद। अगस्त क्रांति एवं भारत छोड़ो आंदोलन की ऐतिहासिक स्मृति को समर्पित जिला कांग्रेस कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने की, जबकि मंच संचालन जिला कांग्रेस के संगठन महासचिव अशोक रावल ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि भारत की आजादी किसी एक व्यक्ति या एक दिन के संघर्ष का परिणाम नहीं, बल्कि लाखों देशवासियों के वर्षों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का प्रतिफल है। हमारे पूर्वजों ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ  लम्बा संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति देकर देश को स्वतंत्रता दिलाई।

उन्होंने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का वह ऐतिहासिक मोड़ था, जिसने पूरे देश में आजादी की अलख जगा दी। महात्मा गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए इस आंदोलन ने अंग्रेजी हुकूमत को यह स्पष्ट संदेश दे दिया था कि अब भारत की जनता किसी भी कीमत पर गुलामी स्वीकार करने को तैयार नहीं है। बलजीत कौशिक ने कहा कि अगस्त क्रांति ने देशवासियों में एकजुटता, साहस और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत किया। करो या मरो का नारा उस दौर में करोड़ों भारतीयों के संकल्प और संघर्ष का प्रतीक बन गया था। असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने जेल यातनाएं सहीं और अपना सर्वस्व देश के लिए न्यौछावर कर दिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान की गाथा से प्रेरणा लेनी चाहिए। हम जिस आजादी में सांस ले रहे हैं, वह हमारे पूर्वजों की अमूल्य विरासत है। इस विरासत की रक्षा करना और देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का इतिहास देश के स्वतंत्रता आंदोलन से गहराई से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने हमेशा देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाई है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास और उसके मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाएं तथा युवा पीढ़ी को देश के लिए किए गए बलिदानों से अवगत कराएं। बैठक के अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों एवं सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने और स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प भी लिया गया। इस अवसर पर विनोद कौशिक, राजेंद्र चपराना, अशोक रावल, डॉ सौरभ शर्मा, वेद प्रकाश यादव, तिलक नागर, अनिल शर्मा, मनोज अग्रवाल, उमेश कौशिक, सुनीता फागना, बाबूलाल रवि, एन.के.शर्मा, अनुज शर्मा एडवोकेट, विकास फागना सहित अन्य कार्यकर्ता गण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.