ब्लॉक स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में डी.सी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन
विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया शानदार चयन
फरीदाबाद। कार्यालय जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, फरीदाबाद के तत्वावधान में एस.आर.एस. इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-88, फरीदाबाद में आयोजित ब्लॉक स्तरीय 14 वर्ष आयु वर्ग योगासन प्रतियोगिता में डी.सी. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-9, फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
प्रतियोगिता की मुख्य अतिथि डिप्टी डीईओ श्रीमती संदेश सोलंकी रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी (खेल) प्रेम शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि योग विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का आधार है तथा इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का श्रेष्ठ मंच प्रदान करती हैं। समापन समारोह में एस.आर.एस. इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक विनय गोयल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा गरिमा ने बालिका वर्ग की पारंपरिक योगासन स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं बालक वर्ग की पारंपरिक योगासन स्पर्धा में विद्यालय के छात्र समर ने शानदार प्रदर्शन कर जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अध्यापकगण एवं खेल प्रशिक्षकों ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन एवं नियमित अभ्यास का यह उत्कृष्ट परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने चयनित खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय ने इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अभिभावकों के सहयोग को दिया।
