साइक्लिंग विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण कदम : प्रवीण जोशी
मेयर ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को किया रवाना
फरीदाबाद। फरीदाबाद में फिट इंडिया मूवमेंट और विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में नगर निगम द्वारा रविवार को सेक्टर-12 स्थित स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स में संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साइकिल रैली को मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मेयर प्रवीण जोशी ने कहा कि साइक्लिंग केवल एक खेल या व्यायाम का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली, स्वच्छ पर्यावरण और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि नियमित साइक्लिंग से शरीर बेहतर होता है, साथ ही प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलती है। मेयर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रहा फिट इंडिया अभियान आज एक जनआंदोलन का रूप ले चुका है।
प्रधानमंत्री अपने विभिन्न कार्यक्रमों और संवादों के माध्यम से युवाओं को फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लगातार प्रेरित कर रहे हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए हरियाणा सरकार और नगर निगम फरीदाबाद भी नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक जीवन में साइक्लिंग, योग और अन्य शारीरिक गतिविधियों को शामिल करें, ताकि स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। कार्यक्रम में नागरिकों, विद्यार्थियों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवा क्लबों, खेल प्रेमियों और साइक्लिंग उत्साही लोगों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और नियमित रूप से फिटनेस गतिविधियों को अपनाने का संकल्प भी लिया।
