डीएलएसए, फरीदाबाद ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-7 में चलाया पौधारोपण अभियान, विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), फरीदाबाद द्वारा चलाए जा रहे विशाल पौधारोपण अभियान के अंतर्गत आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-7, फरीदाबाद में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन माननीय श्री संदीप कुमार गर्ग, जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, डीएलएसए, फरीदाबाद के मार्गदर्शन तथा श्री जितेन्द्र सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी-सह-सचिव, डीएलएसए, फरीदाबाद की देखरेख में रोटरी क्लब, एनआईटी, फरीदाबाद के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संदीप कुमार गर्ग का स्वागत खंड शिक्षा अधिकारी श्री सतीश चौधरी ने पौधा भेंट कर किया। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह का स्वागत विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सीमा गौतम ने किया, जबकि पौधारोपण परियोजना के सहयोगी श्री मनोज मंगला का स्वागत नोडल अधिकारी श्री कुलदीप कुमार ने किया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, रोटरी क्लब के पदाधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा पौधारोपण किया गया। पौधों की नियमित देखभाल करने वाले विद्यार्थियों को “ग्रीन फोर्स” के रूप में टी-शर्ट वितरित की गईं।
अपने संबोधन में श्री संदीप कुमार गर्ग ने कहा कि यह अभियान माननीय श्री न्यायमूर्ति दीपक सिब्बल, न्यायाधीश, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय तथा कार्यकारी अध्यक्ष, हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (HALSA), पंचकूला के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद जिले के 281 विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय में 100 पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह संभालने का आह्वान करते हुए कहा कि हरियाली ही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण दे सकती है।
श्री जितेन्द्र सिंह ने बताया कि डीएलएसए, फरीदाबाद द्वारा अब तक जिले के विद्यालयों, औद्योगिक संस्थानों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों तथा गांवों में 24,890 पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के बारे में भी जागरूक करते हुए बताया कि कानून के अनुसार बच्चे की सहमति का कोई कानूनी महत्व नहीं है तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराध की सूचना देना प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती सीमा गौतम ने सभी अतिथियों, रोटरी क्लब, डीएलएसए, विद्यालय परिवार तथा उपस्थित विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं विधिक जागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण रहा।
