जे.सी.बोस विश्वविद्यालय में पुरस्कार वितरण, केक कटिंग एवं साक्षात्कार शूट के साथ संपूर्ण हुआ सेलिब्रेशन

स्पोर्टिंग बज विद धीरेन’ का शतक की शानदार उपलब्धि, पूर्व क्रिकेटर एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता सरकार तलवार रहे खास मेहमान

फरीदाबाद । जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए, फरीदाबाद के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग के लोकप्रिय साप्ताहिक खेल शो ‘स्पोर्टिंग बज विद धीरेन’ ने सफलता के साथ अपने 100 एपिसोड पूरे कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर विभाग द्वारा एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें शो के होस्ट धीरेन सिंह और उनकी पूरी टीम-तनिष्का नंदा, हार्दिक गौतम, अदिति, यश, हार्दिक मेहता और वादिश वर्मा को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

शो के 100वें एपिसोड में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी, पूर्व भारतीय कोच एवं द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित सरकार तलवार मुख्य अतिथि और वरिष्ठ पत्रकार सुशील भाटिया विशिष्ठ अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने खेल जगत से जुड़े अपने अनुभवों को साझा किया और युवा पीढ़ी को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कुलगुरु प्रो.राजीव कुमार ने अपने बधाई संदेश में इसे मीडिया विभाग के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि 100 एपिसोड सफलतापूर्वक पूरे करना इस बात का प्रमाण है कि सही सोच और मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सरकार तलवार जैसे दिग्गजों को मंच पर लाकर टीम ने खेल प्रेमियों को प्रोत्साहित किया है। पूरी टीम को इस उपलब्धि की हार्दिक शुभकामनाएँ।

इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि ‘स्पोर्टिंग बज विद धीरेन’ का 100वें एपिसोड तक पहुँचना हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। धीरेन और उनकी ऊर्जावान टीम ने जिस लगन और मेहनत से खेलों को युवाओं के बीच लोकप्रिय बनाया है, यह प्रशंसनीय है। मुझे विश्वास है कि यह शो भविष्य में भी इसी तरह नए आयाम स्थापित करेगा।

शो के सूत्रधार धीरेन सिंह ने 100 एपिसोड़ के सफर को पूरा करने का श्रेय मीडिया विभाग के प्रॉडक्शन टीम से वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी, प्रॉडक्शन सहायक पंकज सैनी, प्रॉडक्शन सहायक विशाल बेरवाल को देते हुए अन्य फैकल्टी का भी धन्यवाद व्यक्त किया।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.