पंचकूला के गवर्नमेंट कॉलेज में गूंजा भगत सिंह का क्रांतिकारी संदेश

‘वतन की खातिर’ टीम ने प्रस्तुत किया देशभक्ति नाटक, सभी किरदार महिलाओं ने निभाए

पंचकूला। गवर्नमेंट कॉलेज, पंचकूला के सभागार में शुक्रवार को ‘वतन की खातिर’ थिएटर टीम की ओर से शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के जीवन, विचारों और क्रांतिकारी संघर्ष पर आधारित देशभक्ति नाटक का मंचन किया गया। नाटक का उद्देश्य विद्यार्थियों को देश के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रप्रेम और देश के लिए किए गए बलिदानों से परिचित कराना रहा।

नाटक की खासियत यह रही कि इसमें पुरुष, क्रांतिकारी, अंग्रेज अधिकारियों और पुलिसकर्मियों सहित सभी किरदार महिलाओं एवं बालिकाओं ने निभाए। करीब 10 वर्ष की बालिका से लेकर 45 वर्ष तक की महिलाओं ने विभिन्न ऐतिहासिक पात्रों को मंच पर जीवंत किया।

नाटक की निर्माता रेनू चावला ने स्वयं शहीद भगत सिंह की मुख्य भूमिका निभाई। वहीं मोनिका ढल ने नाटक का निर्देशन किया। कलाकारों के अभिनय, संवाद अदायगी और मंच प्रस्तुति को दर्शकों की ओर से सराहना मिली।

यह ‘वतन की खातिर’ नाटक की छठी प्रस्तुति थी। कॉलेज का सभागार विद्यार्थियों और शिक्षकों से खचाखच भरा रहा। विद्यार्थियों ने पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन बनाए रखते हुए प्रस्तुति देखी। नाटक के विभिन्न भावपूर्ण एवं देशभक्ति से जुड़े दृश्यों पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा।

प्रस्तुति के समापन पर ‘वतन की खातिर’ टीम की ओर से कॉलेज की प्राचार्या एवं कॉलेज प्रशासन का कार्यक्रम के लिए मंच उपलब्ध कराने तथा सहयोग प्रदान करने पर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर टीम की ओर से प्राचार्या को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

‘वतन की खातिर’ टीम ने कहा कि रंगमंच के माध्यम से ऐतिहासिक घटनाओं और स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना टीम का प्रमुख उद्देश्य है। भगत सिंह के जीवन और उनके संघर्ष पर आधारित इस प्रस्तुति ने विद्यार्थियों को इतिहास, राष्ट्रप्रेम और देश के लिए किए गए बलिदानों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.