जिला अदालत परिसर में सेवा, संस्कार और पर्यावरण का संगम; 101 विशिष्ट हस्तियां सम्मानित
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित जिला न्यायालय परिसर में शनिवार को प्रसिद्ध एडवोकेट एवं समाजसेवी डॉ. मोहन तिवारी के नेतृत्व में सेवा, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 101 पौधारोपण, सुंदरकांड पाठ, सम्मान समारोह और एक शानदार कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बार एसोसिएशन के प्रधान राजेश बैंसला एवं महासचिव टीका डागर ने पौधारोपण कर किया। इस पर्यावरण अभियान में प्रकृति भक्त फाउंडेशन के संस्थापक राजेश शर्मा का विशेष सहयोग रहा। इसके बाद न्यायालय परिसर के पंचमुखी हनुमान मंदिर में सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने अपनी ओजपूर्ण और हास्य रचनाओं से समां बांध दिया। इस अवसर पर समाज, न्याय, पत्रकारिता, शिक्षा और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 101 विशिष्ट व्यक्तियों को शॉल व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर बार एसोसिएशन के उपप्रधान आशीष कौशिक, कोषाध्यक्ष विवेक कौशिक, पूर्व महासचिव संदीप पराशर, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजभूषण मिश्रा, सरिता तिवारी, रामचंद्र तिवारी और पिंकी सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता, पत्रकार व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। डॉ. मोहन तिवारी ने सभी का आभार जताते हुए पर्यावरण व संस्कृति के संरक्षण का संकल्प दिलाया।
