फरीदाबाद में स्वास्थ्य विभाग ने कमेटी बनाकर बैठाई जांच
फरीदाबाद के बीके अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला का शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए परिजनों को सौंपने के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। विभाग ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की है। कमेटी पता लगाएगी कि शव को बिना पोस्टमॉर्टम शवगृह से बाहर ले जाने में किस स्तर पर लापरवाही हुई।
पीएमओ डॉ. विकास गोयल ने बताया कि जांच में जिस भी कर्मचारी या अधिकारी की लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सांस लेने और बोलने में परेशानी के बाद अस्पताल लाई गई थीं महिला
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी 65 वर्षीय दुलारी देवी फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में अपनी बेटी आकांक्षा के घर आई हुई थीं। शनिवार रात उन्हें सांस लेने और बोलने में परेशानी हुई। इसके बाद परिजन उन्हें बीके अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
महिला के गले पर निशान देखकर डॉक्टरों को मौत के कारणों पर संदेह हुआ। इसके चलते मेडिको लीगल केस (एमएलसी) दर्ज किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए शव शवगृह में रखवा दिया गया।
आरोप है कि रविवार को परिजन शवगृह कर्मचारी पर दबाव बनाकर बिना पोस्टमॉर्टम कराए महिला का शव अपने साथ ले गए। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन या शवगृह की ओर से पुलिस को इसकी जानकारी नहीं दी गई।
बाद में पुलिस पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया के लिए अस्पताल पहुंची, तो वहां शव नहीं मिला। जांच में पता चला कि परिजन शव लेकर गाजियाबाद के लाल कुआं पहुंच चुके हैं।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर रुकवाया अंतिम संस्कार
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया और गाजियाबाद के लाल कुआं में अंतिम संस्कार रुकवा दिया। इसके बाद शव वापस मंगवाया गया और बीके अस्पताल में पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
