जनसुनवाई शिविर में पहुंचीं 40 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश: प्रवीण बत्रा जोशी
- जनसुनवाई शिविर में आने वाली शिकायतों का प्राथमिकता से निपटान कर रहा निगम
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त निगम आयुक्त गौरव अंतिल मेयर के जनसुनवाई शिविर में उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान सैनिक कॉलोनी के जे एवं एफ ब्लॉक में पेयजल आपूर्ति की समस्या प्रमुखता से उठाई गई, जिसके शीघ्र समाधान के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। इसके अलावा डिवीजन-1 क्षेत्र में एक व्यक्ति द्वारा नाली में केमिकल छोड़े जाने की शिकायत, वार्ड-18 एवं सूर्या नगर में सीवर ओवरफ्लो, सेक्टर-8 मार्केट के समीप बरसाती पानी के जलभराव तथा प्रॉपर्टी टैक्स संबंधी त्रुटियों के मामलों पर भी सुनवाई करते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त निगम आयुक्त गौरव अंतिल ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण कर उसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए।
महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि जनसुनवाई शिविर नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है तथा प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनसुनवाई शिविर के दौरान कई शिकायतों पर मौके पर ही आवश्यक निर्देश जारी किए गए, जबकि अन्य मामलों को संबंधित विभागों को भेजकर शीघ्र कार्रवाई करने के आदेश दिए गए।
इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर अमित मान, अधीक्षण अभियंता ओमवीर सिंह, जनसंपर्क अधिकारी जोगेंद्र रावत, पार्षद मनोज नासवा, पार्षद कुलदीप साहनी, पार्षद प्रतिनिधि करण सिंगला सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
