बारिश के दौरान जलभराव रोकने के लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभाग पूरी तरह अलर्ट

- प्रमुख चौकों व सड़कों पर लगाए गए वाटर पंपिंग टैंकर, अधिकारी-कर्मचारी फील्ड में तैनात - बरसात के दोरान 24 घंटे मॉनिटरिंग करेंगे अधिकारी कर्मचारी

फरीदाबाद   जिले में रविवार को हुई वर्षा के दृष्टिगत आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा शहर के प्रमुख चौकों, मुख्य सड़कों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों में पानी का ठहराव न हो, इसके लिए जिला स्तर पर विभिन्न विभागों ने तत्काल प्रभाव से व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार नगर निगम फरीदाबाद, फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए), जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फील्ड में तैनात किया गया है। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की संभावित सभी जगहों पर तत्काल आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा किसी भी स्थान पर पानी जमा होने की स्थिति बनने से पहले ही प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनके निर्देशों के अनुपालन में शहर के प्रमुख चौकों, मुख्य मार्गों, अंडरपास, व्यस्त यातायात मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर वाटर पंपिंग टैंकर, पंपिंग सेट तथा अन्य आवश्यक मशीनरी तैनात कर दी गई है। इन संसाधनों के माध्यम से वर्षा जल की शीघ्र निकासी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि यातायात प्रभावित न हो तथा नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग अपने-अपने क्षेत्राधिकार में निरंतर निगरानी बनाए रखें तथा जहां कहीं भी जलभराव की सूचना प्राप्त हो, वहां तत्काल टीम भेजकर पानी की निकासी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी अधिकारी पूर्ण जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार मौके पर रहकर स्थिति का निरीक्षण कर रहे हैं। जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त मशीनरी एवं मानव संसाधन भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि वर्षा के कारण कहीं भी लंबे समय तक जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और शहर की सामान्य गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।

बरसात के दोरान 24 घंटे मॉनिटरिंग करेंगे अधिकारी कर्मचारी :

उपायुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की स्थिति पर प्रभावी नियंत्रण एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत जिले में तैनात हरियाणा सिविल सेवा (एचसीएस) स्तर के अधिकारियों की विभिन्न क्षेत्रों में ड्यूटी लगाई गई है, जो 24 घंटे अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखेंगे तथा जल निकासी व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करेंगे।

प्रत्येक अधिकारी प्रतिदिन निर्धारित प्रोफार्मा में अपने क्षेत्र की स्थिति एवं की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को प्रस्तुत करेंगे। इन अधिकारियों के साथ संबंधित क्षेत्रों के कार्यकारी अभियंता (Executive Engineer), सहायक अभियंता (Assistant Engineer) एवं कनिष्ठ अभियंता (Junior Engineer) की भी ड्यूटी लगाई गई है, ताकि किसी भी स्थान पर जलभराव अथवा जल निकासी संबंधी समस्या की सूचना प्राप्त होते ही समन्वित रूप से तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है, जिससे बारिश के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपायुक्त (डीसी) न नागरिकों से भी सहयोग की अपील की:

डीसी ने अपील करते हुए कहा कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। यदि किसी स्थान पर जलभराव, सीवर ओवरफ्लो अथवा जल निकासी संबंधी समस्या दिखाई देती है तो उसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग अथवा जिला प्रशासन को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई कर समस्या का समाधान किया जा सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन एवं सभी संबंधित विभागों के संयुक्त प्रयासों से बारिश के दौरान भी शहर में जनजीवन सामान्य बनाए रखा जाएगा तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.