पृथला क्षेत्र की बदहाल सडक़ों और जलभराव पर गरजे विधायक रघुबीर तेवतिया
ग्रीवेंस की बैठक में मंत्री राव नरबीर के समक्ष उठाए विकास, भ्रष्टाचार और जनसुविधाओं के मुद्दे
फरीदाबाद। पृथला विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक चौधरी रघुबीर तेवतिया ने शुक्रवार को पलवल जिला सचिवालय में आयोजित जिला ग्रीवेंस कमेटी की बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की मौजूदगी में पृथला क्षेत्र की बदहाल सडक़ों, जलभराव, रोडवेज बसों की समस्या, अधूरे विकास कार्यों और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार जैसे अहम मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी तीखे सवाल खड़े किए और कहा कि विधानसभा से लेकर पूर्व की ग्रीवेंस कमेटी बैठकों तक बार-बार मुद्दे उठाने के बावजूद संबंधित अधिकारी गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। विधायक तेवतिया ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास का दावा करती है, लेकिन पृथला विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की स्थिति इस दावे की वास्तविकता उजागर कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के साथ लगातार सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिसके कारण जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए भी परेशान है।
बैठक में उन्होंने पलवल रेलवे पुल से अलावलपुर तक जर्जर सडक़, अलावलपुर में लगातार जलभराव तथा सडक़ के दोनों ओर चौड़ी नालियां बनाने की आवश्यकता को प्रमुखता से उठाया। इसके साथ ही अलावलपुर-सदरपुर-बढऱाम-गोपीखे
साथ ही देश के प्रतिष्ठित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय तक पहुंचने का मुख्य मार्ग भी यही है। इसके बावजूद सडक़ें गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और बरसात में भारी जलभराव बना रहता है। उन्होंने तत्काल सडक़ निर्माण के साथ दोनों ओर चौडी नालियां बनाने की मांग की। विधायक तेवतिया ने हरियाणा रोडवेज की बस सेवाओं का मुद्दा भी मजबूती से उठाते हुए कहा कि आल्हापुर, बघौला और पृथला में फ्लाईओवर बनने के बाद अधिकांश बसें ऊपर से गुजर जाती हैं, जिससे ग्रामीण यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने मांग की कि सभी रोडवेज बसों का संचालन फ्लाईओवर के नीचे बने ग्रामीण बस स्टॉपों से किया जाए, ताकि आम लोगों को सुविधा मिल सके। वहीं उन्होंने बघौला की सर्विस रोड की जर्जर स्थिति, नया गांव से जनौली मार्ग के बीचों-बीच बनी सीवर लाइन, खुले सीवर ढक्कनों और सडक़ पर बने गहरे गड्ढों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सीवर लाइन को सडक़ के किनारे स्थानांतरित कर सडक़ का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
बैठक में विधायक रघुबीर तेवतिया ने कुरारा, साहुपुरा और डाढ़ौता सहित विभिन्न गांवों में 6 करम चौड़े रास्तों को पक्का करने तथा चार और पांच करम चौड़े उन मार्गों का भी निर्माण कराने की मांग की, जिन्हें मार्केटिंग बोर्ड से जिला परिषद को हस्तांतरित किया गया है। उन्होंने गांव भुर्जा में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए सडक़ के दोनों ओर नालियां बनाकर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने की मांग भी रखी। भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी विधायक रघुबीर तेवतिया ने सरकार और अधिकारियों से सीधे सवाल किए। उन्होंने कहा कि नई बनी सडक़ें मात्र तीन-चार महीने में ही टूट जाती हैं, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठते हैं। उन्होंने मांग की कि निर्माण एजेंसियों और संबंधित ठेकेदारों की कार्यप्रणाली की विजिलेंस जांच कराई जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
