महापौर एवं निगम आयुक्त ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, 52 शिकायतें हुई प्राप्त

फरीदाबाद। नगर निगम मुख्यालय में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई शिविर में महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी की अध्यक्षता में नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई की गई। शिविर में निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा उनके समाधान एवं प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट आगामी सोमवार को महापौर के समक्ष आयोजित होने वाले जनसुनवाई शिविर में रखी जाये। जनसुनवाई के दौरान चार्मवुड निवासी प्रतिनिधिमंडल ने सूरजकुंड पार्किंग के समीप बनाए गए खत्ते को हटाने की मांग रखी।

वहीं वार्ड-5 से प्राप्त सीवर सफाई संबंधी शिकायत पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीवर लाइनों की प्रभावी एवं नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। वार्ड-9 से ब्रह्मपुरी पार्क के रखरखाव एवं सुधार से संबंधित शिकायत प्राप्त हुई। इसके अतिरिक्त प्रॉपर्टी आईडी, सब-डिवीजन, पेयजल आपूर्ति तथा नई सडक़ों के निर्माण से संबंधित कई शिकायतें भी नागरिकों द्वारा दर्ज कराई गईं। महापौर श्रीमती प्रवीण बत्रा जोशी ने कहा कि नगर निगम प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि पानी माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविर में मुख्य रूप से पेयजल, सीवर व्यवस्था, नालों की सफाई तथा प्रॉपर्टी आईडी से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, जिनके समाधान के लिए अधिकारी तत्परता से कार्य कर रहे हैं।

अनेक शिकायतों का निस्तारण मौके पर ही किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आज 52 शिकायतें जनसुनवाई शिविर में प्राप्त हुई है। निगम आयुक्त धीरेंद्र खडग़टा ने कहा कि प्रत्येक माह एक सोमवार को सभी विभागों के अधिकारी अपनी-अपनी कार्य प्रगति रिपोर्ट के साथ जनसुनवाई शिविर में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविर की शुरुआत से आम नागरिकों को काफी लाभ मिला है तथा छोटी-छोटी समस्याओं का मौके पर ही समाधान संभव हो पा रहा है। नगर निगम का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि आगामी सोमवार को भी संबंधित विभागों के अधिकारी जनसुनवाई शिविर में उपस्थित रहकर शिकायतों की प्रगति एवं समाधान रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस अवसर पर पार्षद मनोज नासवा, पार्षद प्रदीप टोंगर, ज़ेडटीओ पदम ढांडा, पीआरओ जोगेंद्र रावत सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.