जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव में जैकबपुरा विद्यालय हुआ सम्मानित
हरियाणा दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा गुरुग्राम विश्वविद्यालय सभागार में भव्य जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने लोकगीत, नृत्य, नाटक, पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
उत्सव के दौरान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राओं ने पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। निर्णायकों ने उनकी रचनात्मकता, विषय चयन और प्रस्तुति की सराहना की। पेंटिंग प्रतियोगिता में नंदनी (कक्षा 12वीं, पुत्री सतन पंडित) ने प्रथम स्थान, माधुरी (कक्षा 9वीं, पुत्री लक्ष्मण) ने द्वितीय स्थान तथा वर्षा (कक्षा 10वीं) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लिप्पन आर्ट प्रतियोगिता में आंचल (कक्षा 11वीं) ने प्रथम, दीपिका वर्मा ने द्वितीय और एलिजा ने तृतीय स्थान हासिल किया। सांझी कला प्रतियोगिता में नेहा (कक्षा 11वीं) और नंदिनी (कक्षा 12वीं-डी) ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्राओं की इस उपलब्धि पर उपायुक्त अजय कुमार ने छात्रों के साथ विद्यालय की फाइन आर्ट्स प्रवक्ता सुनीता रानी और प्रधानाचार्य सुशील कणवा को सम्मानित किया। उपायुक्त अजय कुमार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को रचनात्मक सोच विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर देती हैं।
प्रधानाचार्य सुशील कणवा ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने छात्राओं की मेहनत और प्रवक्ता सुनीता रानी के मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी कला, शिक्षा और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखेगा।
