हेमंत सोरेन चौथी बार झारखंड के सीएम बने:अकेले शपथ ली

JMM लीडर हेमंत सोरेन चौथी बार झारखंड के सीएम बन गए। उन्हें गुरुवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में गवर्नर संतोष गंगवार ने शपथ दिलाई। मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा। समारोह में INDIA की 10 पार्टियों के 18 बड़े नेता शामिल हुए। इनमें राहुल गांधी, प. बंगाल की सीएम ममता बनर्जी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव और आरजेडी के तेजस्वी यादव मौजूद रहे।

हेमंत पिता शिबू सोरेन को हाथ पकड़कर मंच तक ले गए

दोपहर 3 बजे हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन को हाथ पकड़कर समारोह स्थल ले गए। शपथ से पहले हेमंत ने कहा, ‘आज का दिन ऐतिहासिक होगा। हमारी एकता ही हमारा सबसे बड़ा हथियार है। हमें न विभाजित किया जा सकता है, न ही शांत किया जा सकता है। हम झारखंडी हैं और झारखंडी झुकते नहीं हैं।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सिदो- कान्हू उद्यान में अमर वीर शहीद सिदो- कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। वहीं, बोकारो के चंदनकियारी के अग्निवीर जवान अर्जुन महतो के शहीद होने पर उनके भाई बलराम महतो को नियुक्ति पत्र दिया।

23 नवंबर को आए चुनावी नतीजे में JMM लीड INDIA ब्लॉक ने 81 में से 56 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसमें JMM 34, कांग्रेस 16, राजद 4 और माले की दो सीट है।

बता दें कि कांग्रेस के भीतर मंत्री पद को लेकर रस्साकशी चल रही है। इस कारण मंत्रिमंडल का विस्तार टाल दिया गया है। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने भास्कर को बताया कि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में होगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.